चंडीगढ - जिस उम्र में बूढ़ी आंखे लाठी का सहारा तलाशती हैं, आज उसी सहारे ने उस बुजुर्ग महिला की इज्जत को तार-तार कर दिया। एक मूक-बधिर महिला से उसी के पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने दुष्कर्म कर डाला। आरोपी महिला को धोखे से घर से लेकर पार्क में गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन महिला उस खौफनाक मंजर को याद कर सीहर उठती है।
पुलिस की जांच के अनुसार 72 वर्षीय महिला सेक्टर 56 में अपने बेटे, पोते-पोतियों के साथ रह रही है। उसका बेटा इसी सेक्टर में दुकान चलाता है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद महिला का मेडिकल कराया, जिसमें उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 40 वर्षीय ओम प्रकाश मिश्रा के रूप में हुई जो महिला के पड़ोस में ही रह रहा है। पुलिस ने रविवार को आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी सेक्टर 56 में परिवार के साथ रह रहा है और निजी कम्पनी में काम करता है।
पीड़ित महिला के बेटे ने पुलिस को बताया कि बीती 31 अक्तूबर की देर शाम ओम प्रकाश मिश्रा उसकी दुकान पर आया। उसने तब वहां आकर बातचीत करनी शुरू की और बातों ही बातों में मां के बारे में पूछने लगा। उसने बताया कि मां घर के भीतर है। बेटे के अनुसार महिला न तो बोल पाती है और न ही ठीक से सुन पाती है। रोज शाम को वह घर में बैठ कर पाठ करती है। बेटे ने पुलिस को बताया कि मिश्रा ने उसकी मां को सैर करा लाने की बात कहते हुए कहा कि वह पार्क में को घुमा लाता है।
यह कह कर बेटा घर के भीतर से मां को बुला लाया। पीड़ित महिला के बेटे के मुताबिक आरोपी ओमप्रकाश मिश्रा उसकी मां को लेकर घर से यह कह कर निकला कि वह कुछ ही समय में लौट आएगा। जब वह दुकान बंद करने लगा तब तक उसकी मां घर नहीं लौटी। उसे चिंता सताने लगी तो घर के अन्य सदस्यों के साथ वह मां को इधर-उधर तलाशने लगा। बुजुर्ग मां को देखते हुए बेटा एक बार मिश्रा के घर पर भी गया, वह वहां नहीं पहुंचा था। किसी तरह लोगों से पूछते हुए बेटा पार्क में जब पहुंचा तब उसकी आंखें फटी रह गई। आरोपी मिश्रा को उसने संदिग्ध हालात में देखा। उसने तुरंत आरोपी को दबोचा। तब तक पुलिस को भी सूचना दे दी गई थी। महिला और आरोपी का मेडिकल कराया गया है।