चंडीगढ़ - हीरा व्यापारी से सेक्टर 17 में शुक्रवार देर रात एक करोड़ रुपये की लूट हुई। लेकिन पुलिस वारदात स्थल से चंद कोस की दूरी पर होते हुए भी लुटेरों को दबोच नहीं पाई। यूटी पुलिस की एक पीसीआर वारदात के समय बस स्टैंड पर हरियाणा रोडवेज की तरफ मुख्यगेट के अंदर बने फूड स्टॉल के बाहर खड़ी थी। हैरान करने वाली बात यह है कि 2 लुटेरे हरियाणा लघु सचिवालय और यूटी फॉयर ब्रिगेड से सटे बस स्टैंड पर व्यापारी पर हमला कर बैग छीन कर फरार हो गए, जिसकी भनक सुरक्षा कर्मियों तक को नहीं लग पाई।
पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि 42 वर्षीय समीर जैन हीरा व्यापारी है। सेक्टर 23 में उसने किराए पर ऑफिस खोल रखा है। सप्ताह में 2 बार उसका दिल्ली आना-जाना होता है। वह पत्नी अनु जैन के साथ सेक्टर 48 में रह रहा है। अनू एक प्राइवेट स्कूल में टीचर है। उन्हीं के साथ समीर की बहन और भांजा तुषार भी रहता है। पत्नी अनू का कहना है कि समीर को बीती रात बस स्टैंड से वाल्वो बस से दिल्ली के लिए रवाना होना था। यह उसका ऑफिश्यिल टूर था।
पुलिस ने हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं की है कि समीर के पास एक करोड़ रुपए थे या फिर इतनी कीमत की ज्यूलरी वह साथ लेकर जा रहा था। वहीं पुलिस इस पूरे मामले में भांजे की भूमिका का भी पता लगा रही है। टेक्रिकल सर्विलांस से मोबाइल डंप डाटा की भी जांच की जा रही है। शनिवार को समीर की हालत सेक्टर 16 के जनरल अस्पताल में स्थिर बताई गई। वारदात में समीर के सिर पर गंभीर चोट आई है। तडक़े माइनर ऑपरेशन किया गया, जिस दौरान चोट पर 10 से अधिक टांके भी आये हैं।
चोट गहरी होने की वजह से समीर का काफी खून बह गया था। अस्पताल में उसकी पत्नी अनु जैन और बहन व अन्य रिश्तेदार भी हैं। उधर, पुलिस दोपहर बाद तक समीर के बयान दर्ज नहीं कर पाई थी। जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। डीएसपी क्राइम जगबीर सिंह और थाना एसएचओ समेत फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
अमूमन बस स्टैंड पर तैनात होने वाली पीसीआर उस वक्त बस स्टैंड के अंदर एक स्टॉल पर खड़ी थी। स्टॉल के संचालक ने अपने कारिंदे से इस बात की पुष्टि की, जो रात को स्टॉल पर था। तुषार के समीर को बस स्टैंड पर ड्रॉप करने के बाद कुछ समय बाद ही बस स्टैंड के अंदर और पीछे की ओर से पीसीआर कर्मियों को समीर के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। कर्मी उसकी तरफ भागे। समीर लहूलुहान हो चुका था। सिर से लगातार खून बह रहा था।
उसकी टी-शर्ट खून से सन चुकी थी और चिल्लाते ही वह फर्श पर गिर पड़ा। पुलिस इससे पहले कि कुछ समझ पाती, सबसे पहले घायल को अस्पताल पहुंचाने का मैसेज फ्लैश किया गया। और पीसीआर ने मौके पर पहुंच कर घायल समीर को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि पुलिस को समीर से इस दौरान पता लग चुका था कि उसके साथ लूट हुई है।