चंडीगढ - केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने दक्षिणी दर्शन धाम विशेष ट्रेन को आज यहां हरी झंडी देकर रवाना किया। श्रीमती बादल ने कहा कि रेल मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा 31अक्तूबर को बठिंडा- नयी दिल्ली शताव्दी ट्रेन को बठिंडा रेलवे स्टेशन से रवाना करके पंजाबियों को तोहफा देंगे। बाद में उन्होंने कहा कि राजग सरकार प्रसिद्ध तीर्थ स्थानों को विशेष रेलगाडिय़ों के जरिए आपस में जोडऩे का कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे एक मिशन के तौर पर लिया है।
उन्होंने कहा कि ऐसी रेल गाडिय़ों के शुरू होने से देश भर में धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा। एक अनुमान के अनुसार प्रति वर्ष 50 लाख लोग देश के विभिन्न धार्मिक स्थानों और पर्यटन केन्द्रों की यात्रा करते हैं। यह विशेष रेलगाड़ी फैजाबाद, अयोध्या, वाराणसी, मुगल सराय, पुरी कांचीपुरम्र रामेश्वरम, कन्याकुमारी, औरंगाबाद, द्वारिका तथा उज्जैन के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के दर्शन करायेगी। यह विशेष धाम गाड़ी लाखों यात्रियों को धार्मिक स्थानों के दर्शन कराएगी।
हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि भारतीय रेलवे पर्यटन को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन को सौंपी गई है। इस अवसर पर पंजाब के मंत्री अनिल जोशी, शिक्षा मंत्री डा.दलजीत सिह चीमा, रेलवे के डिवीजन मैनेजर अनिल कुमार,पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष परमजीत कौर लांडरा उपस्थित थे।