चंडीगढ - भाजपा में हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की दावेदारों की बढ़ती कतार को देखते हुए पार्टी इस पद के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के नाम पर विचार कर रही है। पार्टी में उच्च स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। ऐसा माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव प्रचार में उनकी अहम भूमिका होगी।
पार्टी प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के बराबर का गैर विवादित नेता चाहती है। वैसे भी पिछले कुछ दिनों से भाजपा के कई नेताओं में खुद को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी दिखाने की होड़ लगी है। रोहतक में रहने वाले कैप्टन अभिमन्यु प्रदेश भर में होर्डिंग लगवा रहे हैं तो अम्बाला कैंट के विधायक अनिल विज के समर्थक सोशल साइट्स पर मुहिम चला रहे हैं। बीरेंद्र सिंह तो अपने 33 समर्थकों के लिए टिकट मांग कर सीधे ही ताल ठोक चुके हैं। वहीं पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रामबिलास शर्मा, राव इंद्रजीत, ओमप्रकाश धनखड़ भी किसी न किसी बहाने अपनी दावेदारी जता चुके हैं।