चंडीगढ़ - भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के महासचिव प्रेम कौशिक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ वासियों की समस्याओं को लेकर चंडीगढ़ के वित्त सचिव सर्वजीत सिंह व सलाहकार के.के. शर्मा से मिला और ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में महासचिव प्रेम कौशिक के साथ चंडीगढ़ के गेस्ट टीचर्स के अध्यक्ष राजबीर सिंह व प्रवीण कुमार गेस्ट टीचर्स की समस्याओं को लेकर वित्त सचिव सर्वजीत सिंह से मिले और उन्हें गेस्ट टीचर्स की समस्या से अवगत करवाते हुए बताया कि पिछले कई वर्षों से गेस्ट टीचर्स की मासिक वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है जबकि दूसरे टीचर्स की भांति यह टीचर्स भी पूरी मेहनत व लगन से बच्चों को शिक्षा देते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग करते हुए कहा कि इनकी समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवाया जाए।
इसके पश्चात महासचिव प्रेम कौशिक, पूर्व मंडल अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ और मनोज कुमार से साथ मिलकर बापू धाम कालोनी की समस्याओं को लेकर वित्त सचिव से मिले। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा बापू धाम कालोनी वासियों को पांच सितंबर को कालोनी तोडऩे का नोटिस दिया गया है। जिस कारण कालोनी वासियों की मुश्किले बढ़ गई हैं। क्योंकि अभी तक कालोनी वासियों को मकान अलाट नहीं हुए, जबकि अलाटमेंट की प्रकिया आरंभ हो चुकी है। उन्होंने मांग की कि जब तक कालोनी वासियों को मकान अलाट नहीं हो जाते, तब तक के लिए कालोनी को तोडऩे का कार्य स्थगित कर दिया जाए।
सलाहकार के.के. शर्मा ने समस्या को सुनने के पश्चात आश्वासन दिया कि जल्द ही डी.सी. से बात करके पंचायती जमीन कर निरक्षण करवाया जाएगा और जमीन की निशानदेही करवाई जाएगी।