चंडीगढ - भारतीय जनता पार्टी जिला चार का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली के नेतृत्व में निगम आयुक्त वी.पी. सिंह से मिला तथा उन्हें आटो मार्केट मनीमाजरा से उठाए गए मोटर मैकेनिकों के पुनर्वास से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।
उल्लेखनीय है कि आज सुबह जब नगर निगम द्वारा मनीमाजरा स्थित मोटर मार्केट से आटो मैकेनिकों को उठाया गया तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री संजय टंडन ने तुरन्त निगम कमिश्रर के समक्ष यह मुद्दा उठाया और उसके पश्चात भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्रर को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष ने निगम कमिश्रर को बताया कि गरीब आटो-मैकेनिक पिछले लगभग तीन दशकों से मनीमाजरा में खुले में काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। लेकिन नगर निगम द्वारा बार-बार अतिक्रमण हटाने के अभियान के अन्तर्गत इन्हें यहां से हटा दिया जाता है।
उन्होंने नगर निगम द्वारा इन मैकेनिकों का पुनर्वास करने की आवश्यकता पर बल दिया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने यह भी अनुरोध किया कि निगम द्वारा एक पुनर्वास नीति के तहत इन आटो-मैकेनिकों को परिचय-पत्र प्रदान किए जाएं तथा उन्हें उसी स्थान पर पुनर्वासित करके उनसे न्यूनतम लाइसेंस फीस लेकर उन्हें काम करने दिया जाए।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निगम कमिश्रर को इस बात से भी अवगत कराया कि भारतीय जनता पार्टी का यह मानना है कि सभी नागरिकों को रोजी-रोटी कमाने का अवसर दिया जाना चाहिए ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। निगम कमिश्रर ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि वेइस पर शीघ्र ही उचित कार्यवाही करेंगे तथा आटो-मैकेनिकों के पुनर्वास हेतु नीति बनाने पर भी विचार करेगें।