चंडीगढ़ - बुधवार को सेक्टर 17 में सीटीयू बस ने साइकिल सवार 2 युवकों को एक रौंद दिया। इनमें से 1 युवक की मौत हो गई जबकि दुसरा युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर बस को कब्जे में ले लिया है। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने बताया कि यह हादसा सीटीयू बस से हुआ, जो सेक्टर 16/17 डिवाइडिंग रोड से गुजर रही था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी बस चालक की पहचान निर्मल सिंह बल्लोमाजरा मोहाली के रूप में हुई है।
पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश के जिला प्रतापगढ़ का रहने वाला 24 वर्षीय सुभाष और 22 वर्षीय रोहित यादव साइकिल पर नयागांव से सेक्टर 17 में जा रहे थे। सुभाष बीए कर चुका था और इन दिनों चंडीगढ़ नौकरी की तलाश में आया हुआ था। दोपहर साढ़े 3 बजे सीटीयू बस क्रिकेट स्टेडियम से पीजीआई की ओर जा रही थी। निर्मल सिंह जब डिवाडिंग रोड पर पहुंचा तभी उसने सामने जा रहे साइकिल को टक्कर मार दी।
साइकिल सवार सुभाष और रोहित टक्कर लगते ही सडक़ पर गिरे और बस सुभाष को कुचलते हुए निकल गई। लोगों ने यह देखकर बस को वहीं रुकवा लिया और चालक को काबू कर लिया। मौके पर पहुंची पीसीआर ने घायलों को पीजीआई पहुंचाया, जहां सुभाष यादव को डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।