चंडीगढ़ (एसएनएस) : लोर इंडिया फाउन्डेशन स्कॉलरशिप ट्रस्ट ने देश के मेधावी छात्रों में छिपी प्रतिभा को सही राह देने के उद्देश्य के साथ एक अग्रणी छात्रवृति कार्यक्रम के लॉन्च की घोषणा की। यह देश का सबसे बड़ा एवं राष्ट्रीय स्तर का छात्रवृति कार्यक्रम है जिसेे कक्षा दस, ग्यारह तथा बारह के विद्यार्थियों के लिए पेश किया गया है।
कार्यक्रम के तहत प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की मदद से टाटा कन्सल्टेन्सी सर्विसेज़ के द्वारा डिज़ाइन किए गए लर्निंग एप्टीट्यूड टेस्ट (एलएटी) के माध्यम से 100 से ज़्यादा प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इस टेस्ट के द्वारा योग्य घोषित किए गए छात्रों को 5.5 करोड़ रु के उदार कोष से नकद छात्रवृत्ति देने का ऐलान किया गया है। साथ ही विद्यार्थियों को प्रशिक्षित शिक्षाविदों से कोचिंग एवं उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का सुनहरा मौका भी मिलेगा।
चयनित विद्यार्थियों को एक व्यापक मनोमितीय विश्लेषण से गुजऱना होगा जिसके माध्यम से विशेषज्ञ उन्हें उनके शैक्षणिक कैरियर के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। एलएटी एक ऐसा परीक्षण है जो विद्यार्थी के कोरे किताबी ज्ञान से परे उसकी योग्यता एवं मस्तिष्क की सहज क्षमताओं का मूल्यांकन करता है।
राष्ट्रीय छात्रवृत्ति कार्यक्रम को टाटा कन्सल्टेन्सी सर्विसेज़ एवं लोर इण्डिया फॉउन्डेशन की गवर्निंग काउन्सिल के शैक्षणिक दिग्गजों का मार्गदर्शन प्राप्त है। इस अवसर का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थी ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पंजीकरण 14 जुलाई 2014 से खुला है। पंजीकृत विद्यार्थियों को इसके बाद एलएटी की परीक्षा देनी होगी।