चंडीगढ़ (एसएनएस) - राजीव गांधी टैक्नोलॉजी पार्क में आयोजित एन्टोरप्रेन्योर डेवलपमेंट सेंटर (ईडीसी) में इन दिनों काफी गतिविधियां चल रही हैं और युवा अपने और एक-दूसरे के नए नए आइडियाज को चुनकर उन्हें सफल कारोबार में बदलने के लिए एक-दूसरे को सहयोग कर रहे हैं। स्टार्टअप एक्सीलेटर चैम्बर ऑफ कॉमर्स (एसएसीसी) द्वारा चंडीगढ़ प्रशासन के आईटी विभाग की सहभागिता में स्टार्टअप वीकएंड के दौरान 54 घंटे का मैराथॉन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं ने हिस्सा लिया है और वे नये उद्यमों पर अपने प्रयास कर रहे हैं।
यूटी चंडीगढ़ में प्रशासक के सलाहकार के. के. शर्मा ने परंपरागत तौर पर स्टार्टअप वीकएंड का उद्घाटन किया, जिसमें करीब 89 प्रोफेशनल, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डिजाइनर्स, डेवलपर्स और स्टूडेंट्स शामिल हुए। इन सभी ने अपने आइडियाज के साथ अपना रजिस्ट्रेशन करवाया और इन तीन दिनों तक उन पर एक-दूसरे के विचार लिए गए।
एसएसीसी को इस प्रकार के आयोजन के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इससे यहां पर मौजूद सभी लोग प्रभावित हुए हैं और ये देखना सुखद है कि कैसे हमारे युवा बदलाव लाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि आईटी विभाग भी अपने स्तर पर इनोवेशन को अच्छे से प्रोत्साहित कर रहा है और इससे आम लोगों को एक बेहतर ई-गवर्नेंस भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि ईडीसी सुविधा युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए उपलब्ध रहेगी और अगर वे इसमें बदलाव चाहते हैं तो प्रशासन भी नीति को बदलने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
श्रीमती प्रेरणा पुरी वासु, सचिव आईटी भी इस पूरे आयोजन को लेकर काफी उत्साहित रहीं, जिसमें नए विचारों को सामने लाया गया और देखा गया कि कैसे उनसे आम लोगों की जिंदगी को अधिक से अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है। इससे पहले सलाहकार, सचिव आईटी और डायरेक्टर आईटी उपकार सिंह, एसएसीसी प्रेसिडेंट मनीपाल धारीवाल और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर समीर वालिया ने ईडीसी परिसर में पौधे भी लगाए।
मनीपाल धारीवाल, प्रेसिडेंट, एसएसीसी ने बताया कि फाइनल प्रेजेंटेशन रविवार शाम को होगी और तीन बेस्ट एंट्रीज को चुने जाने के बाद पुरस्कार के तौर पर अपना उद्यम स्थापित करने में मदद की जाएगी, जिसमें गूगल आदि से फ्री विज्ञापन की सुविधा भी शामिल है।
23 वर्षीय यूआईईटी स्टूडेंट्स विक्रम जैन और प्रंशु शर्मा एक ऐसा वेब पोर्टल अच्छा ट्यूटर, तैयार करना चाहते हैं जो कि टीचर्स और ट्यूटर्स को विस्तृत मूल्यांकन के बाद रेट करे ताकि स्टूडेंट्स सही विषय विशेषज्ञ के लिए सीधे उनसे संपर्क कर सकें। जालंधर निवासी पुष्कर गुप्ता और सौरभ भाटिया, लोगों को अपने लिए सही रंग और सही तरह के गारमेंट प्राप्त करने में मदद करना चाहते हैं और इसके लिए उन्हें सिर्फ अपनी पिक्चर ही अपलोड करनी होगी और उनके लिए विभिन्न रिटेल वेबसाइट्स से ब्रांड विकल्प उपलब्ध होंगे। 24 वर्षीय कुणाल हार्दिक भी स्टूडेंट्स को दूसरे स्टूडेंट्स की मदद से क्लासरूम नोट्स प्राप्त करने में मदद करना चाहते हैं ताकि वे उन्हें नेट पर उपलब्ध करवा सकें। स्टार्टअप वीकएंड में असंख्य नए आइडियाज को प्रस्तुत किया गया और श्रीमति प्रेरणा पुरी ने महसूस किया कि क्षेत्र और देश के आर्थिक विकास के लिए उद्यमशीलता काफी तेजी से आगे बढ़ रही है।