चंडीगढ़ – नई प्रविष्ट छात्राओं के लिए कॉलेज का पहला दिन जितना उत्साह भरा होता है, उतनी ही उत्सुकता उन्हें ऐसे कार्यक्रम की भी होती है जिसमे उन्हें इस कॉलेज को पूरी तरह जानने समझने का पहला मौका मिलता है। स्थानीय एमसीएम डीएवी कॉलेज में संपन्न इंडक्शन डे ने छात्राओं की सारी हिचकिचाहट दूर कर दी और उन्हें खुले हाथों से एमसीएम परिवार का हिस्सा बना लिया। इस कार्यक्रम में एक ओर छात्राओं को कॉलेज के नियमों कानूनो से अवगत कराया गया।
वहीं विभिन्न गतिविधियों से संबद्ध टीचर्स से रूबरू कराया गया। कॉलेज की पूर्व छात्राओं की वर्तमान उपलब्धियों से परिचित कराया गया। कॉलेज के टॉपर्स को पुस्कृत कर पूरी लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। दूसरी ओर कत्थक, हरियाणवी, राजस्थानी, पंजाबी नृत्यों, गीतों, मनोरंजक खेलों व प्रतियोगिताओं के द्वारा पूरे माहौल को खुशनुमा रंग भी दिया गया। सीनियर छात्राओं द्वारा तैयार स्किट के माध्यम से बड़े ही दिलचस्प ढंग से खेल ही खेल में कॉलेज के नियमों निर्देशों पर भी प्रकाश डाला गया।