चंडीगढ़ - न जाने इस रीजन के कितने ही यंगस्टर एक्टिंग की राह पर चल चुके हैं। पर सक्सेस सबके हाथ नहीं लगती। शायद कमी रह जाती है उनकी तालीम में। एक्टिंग बच्चों का खेल जो नहीं। रीजन में फिल्म प्रोडक्शन और एक्टिंग के बढ़ते पैशन को देखते हुए मोहाली में माय ड्रीम एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड लेकर आया है ‘माय ड्रीम एकेडमी’। एक ऐसा एक्टिंग और ट्रेनिंग स्कूल जहां फिल्म इंडस्ट्री और थिएटर के जाने-माने लोग आकर एक्टर बनने की चाह रखने वालों को सिखाएंगे। कोर्स कुछ इस तरह से डिजाइन किए गए हैं कि स्टूडेंट्स का आत्मविश्वास तो बढ़े ही, साथ ही उन्हें एक्टिंग में प्रखर बनाना, उनके व्यक्तित्व को रूप देना और उन्हें सिनेमा के लिए तैयार करना आसान हो जाए। सोमवार को सेक्टर-17 के होटल पार्क प्लाजा में एकेडमी का मीडिया लॉन्च हुआ। इससे पहले रविवार को सेक्टर-10 की लेजर वैली में स्टार परफॉर्मेंस के साथ एकेडमी का ऑफिशियल लॉन्च हुआ था।
माय ड्रीम एकेडमी के चेयरमैन हैं अरमिंदर सिंह और सुमित विज और इसके ब्रैंड एंबेसेडर हैं एक्टर-प्रोड्यूसर गिप्पी ग्रेवाल। अरमिंदर ने कहा कि अपने प्रोडक्शन हाउस के बड़े नेटवर्क की बदौलत और भविष्य में दूसरे प्रोडक्शन हाउस के साथ जुडक़र, न सिर्फ हम स्टूडेंट्स को ट्रेन करेंगे बल्कि उन्हें उस दिशा के बारे में भी गाइड करेंगे जिस तरफ वे जाना चाहें। सुमित ने बताया कि हमनें बहुत सोच-समझ कर प्लैन करके अपनी फैकल्टी चुनी है। गुरु बेहतरीन होंगे तभी सीखने वाले लंबी रेस दौड़ेंगे। इस मौके पर फैकल्टी के सदस्य भी मौजूद रहे। पहली कैटेगरी है स्टार फैकल्टी की जो हर महीने एकेडमी आएंगे और प्रैक्टिकल नॉलेज देंगे। इस लिस्ट में दीप्ति नवल, आदिल हुसैन, डॉली आहलूवालिया, यशपाल शर्मा और गुरप्रीत घुग्गी शामिल हैं। दूसरे हैं रेगुलर फैकल्टी जिनमें कमल तिवारी, डॉ. नीलम मान सिंह चौधरी और नीता मोहिंद्रा शामिल हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ बेस्ड थिएटर एक्टर-डायरेक्टर चक्रेश कुमार एक्टिंग की सभी क्लास लेंगे, सुधांशु गौड़ योगा सिखाएंगे और डांस और पर्सनेलिटी डिवेलपमेंट के लिए होंगी पुनीत जिविंदा।
कोर्स के बारे में सुमित ने बताया कि एक छह महीने का एडवांस्ड कोर्स एक्टिंग में और दूसरा तीन महीने के मॉडलिंग कोर्स डिजाइन किया गया है। एक्टिंग कोर्स जून से नवंबर तक होगा जिसमें 16 साल से ज्यादा उम्र के लोग जॉइन कर सकते हैं। इसमें वॉइस मॉड्युलेशन, किरदार को अपनाना, बॉडी लैंग्वेज, कैमरा के सामने काम करने जैसी चीजें सिखाई जाएंगी। वहीं मॉडलिंग कोर्स में रैंप-वॉक, स्टिल और मूवी कैमरा के लिए काम करना, मेकअप टिप्स, हेयर स्टाइलिंग, योगा और फिटनेस, डांस और पर्सनेलिटी डिवेलपमेंट सिखाए जाएंगे।
माय ड्रीम एकेडमी के इन-हाउस डबिंग स्टूडियो में भी स्टूडेंट्स के सेशन होंगे। यहां हर तरह के शूटिंग उपकरण स्टूडेंट्स को मुहैया करवाए जाएंगे। टॉप 10 स्टूडेंट्स को कंपनी की पहली होम प्रोडक्शन में काम करने का मौका भी दिया जाएगा। अरमिंदर ने बताया कि बाकी स्टूडेंट्स को भी पूरी तरह गाइड करके हिंदी और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े प्रोडक्शन हाउस तक पहुंचने में मदद की जाएगी।