चंडीगढ़ (धर्मेन्द्र सिंह) - अपनी पंजाबी फिल्म ‘लव यू सोणिये की सफलता के बाद, करनवीर बोहरा और तीजे सिद्धू एक बार फिर वापस लौटे हैं, नये शोज और नया उत्साह लेकर, लेकिन इस बार नेशनल टेलीविजन पर। पंजाब से खास लगाव रखने वाली यह फन-लविंग जोड़ी आज यहां सेक्टर 32 डी स्थित ‘2हाइप रेस्टोरेंट एंड लाउंज में मीडिया से मुखातिब थी।
इस जोड़े को इन दिनों डर का ब्लॉकबस्टर टीवी शो ‘खतरों के खिलाड़ी में खतरनाक करतब करते हुए देखा जा रहा है, जिसे कलर्स चैनल के लिए रोहित शेट्टी ने होस्ट किया है। करनवीर बोहरा अब जी टीवी पर एक नये सीरियल ‘कबूल है’ में ‘आहिल रजा इब्राहिम’ की भूमिका में ह ते में सातों दिन आ रहे हैं।
करनवीर ने बताया, ‘पंजाब तो हमारे लिए दूसरे घर जैसा है। इसीलिए खतरों के खिलाड़ी और अन्य शोज के बारे में बात करने के लिए हम यहां आकर बहुत खुश हैं। खतरों के खिलाड़ी मेरे लिए जीवन का एक सबसे बड़ा अनुभव रहा है। मेरा मानना है कि यह एक ऐसा रिएलिटी शो है, जिसे हर किसी को जरूर करना चाहिए। शो के दौरान हम हैलीकॉप्टर से कूदे, पानी के अंदर गोते लगाये, आग में होकर गुजरे, और हमारे शरीर पर सांप, बिच्छू, कॉकरोच, घोंघे, चूहे और छिपकलियां रेंगती रहीं। हमारा सामना शेर, चीता और मगरमच्छों से हुआ। आप डर का नाम लीजिए, हमने क्या-क्या नहीं किया। यह सचमुच हमारी जिंदगी का एक शानदार अनुभव था।’
तीजे सिद्धू ने बताया, ‘खतरों के खिलाड़ी एक क्रेजी, पागलपन से भरा फन था। इसने हमारे डर, एड्रीनेलिन, तनाव और चिंता सब कुछ को ऊंचे लेवल पर पहुंचा दिया। मुझे डर लग रहा था, लेकिन जोश भी बड़ा आ रहा था। किसी-किसी क्षण पर तो मैं बहुत अधिक डर गयी थी, परंतु एक बार भी मैं चुनौती से भागी नहीं। यह शो करने के बाद अब मैं शारीरिक और मानसिक तौर पर पहले से कहीं ज्यादा स्ट्रांग हूं।’
अपने व्यस्तता भरे कैरियर के बारे में बताते हुए करनवीर ने कहा, ‘मैं अपने कैरियर के एक बेहद रोमांचक मोड़ पर हूं। पिछले कुछ वर्षों से निरंतर बहुत ज्यादा व्यस्त चला आ रहा हूं। इस दौरान मुझे रोल भी बहुत वैरायटी के मिले हैं। पिछले साल ‘सौभाग्यवती भव’ सीरियल खत्म होने के बाद मैं अपनी पंजाबी फिल्म ‘लव यू सोणिये’ की शूटिंग में बिजी हो गया। फिर तुरंत एक डांस शो ‘झलक दिखला जा’ में मैं एक प्रतियोगी के तौर पर शामिल हो गया।
इसके बाद मुझे ‘लाइफ ओके स्क्रीन अवाडर्स’ के लिए रेड कार्पेट होस्ट करने का मौका मिला। अपनी कामयाब फिल्म की सक्सेस पार्टी आयोजित करने की हम तैयारी ही कर रहे थे कि फियर फैक्टर की शूटिंग के लिए साउथ अफ्रीका की एक लाइट में सवार हो लिए। सितंबर में मैं एक मराठी फिल्म की शूटिंग में बिजी हो जाऊंगा। मैं नॉन-स्टॉप काम कर रहा हूं, पर सच कहूं तो मैं इस बिजी लाइफ को बहुत ज्यादा एंज्वॉय कर रहा हूं। खूब नयी चीजें सीख रहा हूं। मैं किसी बॉलीवुड प्रोजेक्ट में काम करना पसंद करूंगा, लेकिन अभी तो उसके अलावा बाकी सब कर रहा हूं।’