चंडीगढ (धर्मेन्द्र सिंह) - अभिमनु एडवेंचर रिजॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने आज यहां अपने नये प्रोजेक्ट- रामशहर फोर्ट रिसॉर्ट के लांच की घोषणा की और भोजन व आवास के बिल पर 50 प्रतिशत तक छूट प्राप्त करने के लिए रामशहर ग्रेंडियोज क्लब का सदस्यता अभियान भी शुरू कर दिया। रामशहर फोर्ट हिमाचल प्रदेश में नालागढ़ कस्बे के पास पंद्रहवीं शताब्दी में बना एक ऐतिहासिक किला है, जो ऊंची पहाड़ी पर स्थित है। बिना इसकी प्राचीन बनावट को नष्ट किये अब इसे एक सर्वसुविधायुक्त रिसॉर्ट का रूप दिया गया है।
चंडीगढ़ से महज डेढ़ घंटे की आसान ड्राइव के बाद इस फोर्ट तक पहुंचा जा सकता है। किले की दीवारों और पुराने ढांचे को छेड़े बिना इसमें लग्जरी कमरे, कांफ्रेंस हॉल, स्विमिंग पूल और स्पा आदि सुविधाएं जुटायी गयी हैं। हिमालय की वादी, गांव और जंगल के नजारे पेश करने वाली कुछ बेहद आरामदायक कॉटेज भी यहां तैयार की गयी हैं। यह रिजॉर्ट प्रकृति के बीच मित्रों व परिवार के साथ छुट्टी बिताने के लिए आदर्श स्थान है। कॉर्पोरेट ईवेंट्स और डेस्टिनेशन वैडिंग्स के लिए भी यहां शानदार और सुकून भरा वातावरण मौजूद है।
अभिमनु ग्रुप के वाइस प्रेसीडेंट श्री मनु राज मल्होत्रा ने बताया, ‘शिक्षा के क्षेत्र में पंद्रह वर्षों से निष्ठापूर्वक जुटा अभिमनु ग्रुप अब उसी ऊर्जा के साथ पर्यटन व होटल व्यवसाय में कदम रख रहा है। रामशहर फोर्ट रिजॉर्ट इस रीजन में अपनी तरह का पहला स्थान है। हम इस प्रॉपर्टी को इस तरह से विकसित कर रहे हैं कि इस रीजन के लोग घूमने-फिरने के लिए यहां बार-बार आना पसंद करेंगे। लोगों की भारी मांग पर हमने रामशहर ग्रेंडियोज क्लब की शुरुआत की है, जिसमें 15 मई 2014 तक सदस्यता लेने वालों को भोजन व आवास पर 50 प्रतिशत तक छूट मिलेगी और 12 माह के सदस्यता शुल्क में ही 24 माह की सदस्यता का लाभ मिलेगा।’
इस किले का इतिहास सदियों पुराना है। ग्यारहवीं शताब्दी में नालागढ़ हिंदूर राज्य की राजधानी हुआ करता था। तब यहां चंदेला राजपूतों का राज था। इन राजाओं को कला व भवन निर्माण की बड़ी कद्र थी। इसी घराने में राजा रामचंदर हुए, जिन्होंने 1540 में रामशहर और इस किले की नींव रखी। किले में मुगलकालीन, हिंदू व ब्रिटिश शैली की निर्माण कला की झलक मिलती है। करीब 28 बीघा और चार बिसवा क्षेत्रफल में फैले इस किले को हिमाचल सरकार की अनुमति से रिजॉर्ट में तब्दील किया गया है। समुद्र तल से 3,900 फीट की ऊंचाई पर बने रामशहर फोर्ट से सिरसा नदी के पार तक चारों दिशाओं में शिवालिक की पहाडिय़ों का मनोरम दृश्य दिखायी देता है। अभिमन्यु ग्रुप के चेयरमैन श्री प्रवीण बंसल के नेतृत्व में अप्रैल 2010 में इस प्राचीन किले के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ।
रामशहर फोर्ट का ऐतिहासिक महत्व तो है ही, यहां रह कर हिमाचल की प्रकृति और संस्कृति को भी करीब से निहारा जा सकता है। यहां ग्रामीण व रोमांचक पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। विदेशी अतिथियों को तो यह स्थान बेहद रोचक लगेगा। इस रिजॉर्ट से हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को एक नया आयाम मिलेगा। पुरानी रूखी दीवारें जहां इसके प्राचीन बाशिंदों के जीवन की कथा सुनाएंगी, वहीं इस किले में आतिथ्य और आराम की हर सुविधा को बड़े करीने से संजोया गया है। यह रिजॉर्ट हर लिहाज से पर्यावरण हितैषी है। पानी गर्म करने के लिए यहां सोलर सिस्टम लगा है, तो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वृक्षों की कतारें और ऊर्जा की बचत करने वाले उपकरण यहां की अन्य विशेषताएं हैं।