चंडीगढ - फार्मा बिज कनेक्ट डॉट कॉम, देश में अपनी तरह का पहला और एक अनूठा ऑनलाइन फार्मा एग्जीबिशन पोर्टल चंडीगढ़ में लांच किया गया। यह दावा भी किया गया कि औषधि उद्योग से जुड़े सेवा प्रदाताओं और उनकी सेवाएं चाहने वालों को एक मंच पर लाने के मामले में यह पोर्टल एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
फार्मा बिज कनेक्ट डॉट कॉम का उद्देश्य है दवा उद्योग में सभी तरह के सेवा प्रदाताओं की मदद करना, जैसे कि ठेके पर दवाएं तैयार करने वाले निर्माता, उच्च स्तर के मान्यताप्राप्त दवा निर्माता, थोक दवा निर्माता व आपूर्तिकर्ता, फार्मा मशीनरी व पैकेजिंग मैटीरियल, मार्केटिंग कंपनयां, वितरक, एक्सपोर्टर, इम्पोर्टर, सलाहकार आदि। अपनी तरह के इस पहले पोर्टल पर पूरा दवा उद्योग एक ही छत के नीचे आ जायेगा, जिससे देश-विदेश के सभी लोगों को लाभ होगा।
इस पोर्टल को विकसित करने में सबसे अहम योगदान रहा पिछले तीस वर्षों से दवा उद्योग में कार्यरत रजनीश गुप्ता का, जो बिक्री, मार्केटिंग, प्रशिक्षण और सलाह आदि के मामले में एक अनुभवी प्रोफेशनल माने जाते हैं। यह पोर्टल एक ऑनलाइन प्रदर्शनी है, जिसमें एक खास लेआउट प्लान के तहत विभिन्न कंपनियों के स्टॉल, उत्पादों व सेवाओं को वर्चुअल तरीके से दर्शाया गया है। इससे दवा उद्योग को अपने उत्पाद व सेवाएं लांच करने, उनकी ब्रांडिंग करने और इंडस्ट्री के बाकी लोगों से संपर्क बनाये रखने में सहूलियत होगी।
पोर्टल की सफलता के पीछे एक अन्य कामयाब प्रोफेशनल हैं सौमिल आनंद गुप्ता, जोकि वैस्ट लंदन यूनिवर्सिटी से गे्रजुएट हैं। श्री गुप्ता ने बताया कि ‘यह अनूठा कांसेप्ट देश में औषधि उद्योग के लिए बेहद उपयोगी है। अन्य सामान्य प्रदर्शनियों की तरह यह कुछ खास तारीखों या स्थान तक ही सीमित नहीं है। दवा उद्योग की यह ऑनलाइन प्रदर्शनी पूरे साल चालू रहेगी। समय-समय पर नये प्रदर्शक जरूर इसमें अपने स्टॉल जोड़ते रहेंगे।’
रजनीश गुप्ता ने आगे बताया कि प्रदर्शनी देखने के लिए किसी भी तरह का कोई शुल्क नहीं देना है। लोगों का समय बचाने के मकसद से पोर्टल पर ‘सर्च एग्जीबिटर’ लिंक दिया गया है, जिसके जरिये कोई भी विजिटर किसी भी खास जोन में मौजूद किसी प्रदर्शक तक पहुंच सकता है। यह पोर्टल औषधि उद्योग से जुड़े पेशेवरों, नयी कंपनियां शुरू करने वालों, उद्यमियों और व्यापारियों को अपने प्रोडक्ट लांच करने, अपने बिजनेस का विस्तार करने और उद्योग को जमाने में कई तरह से मददगार साबित होगा।