चंडीगढ़ - देश भर में कलाई के जरिये एंजियोप्लास्टी के गिने-चुने विशेषज्ञों में शुमार डॉ. राकेश के. जसवाल को चीन में एक खास लैक्चर के लिए आमंत्रित किया गया। कई हजार हृदय विशेषज्ञों के बीच डॉ. जसवाल ने ‘ट्रांसरेडियल इंटरवेंशंस के क्लीनिकल लाभ’ विषय पर लैक्चर दिया।
चाइनीज मेडिकल एसोसिएशन एवं नेशनल सेंटर फॉर कार्डियोवास्कुलर डिसीजेज ऑफ चाइना के सहयोग से आयोजित चीन के इंटरवेंशनल थेरेपियूटिक्स के बारहवें वार्षिक वैज्ञानिक सम्मेलन में इस विषय पर लैक्चर के लिए बुलाये जाने वाले वे इस रीजन के एकमात्र हृदय विशेषज्ञ हैं। डॉ.जसवाल फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में हृदय रोग विभाग के डायरेक्टर हैं।
सम्मेलन का आयोजन हाल ही में चीन के शंघाई शहर में हुआ था। कार्यक्रम में दुनिया भर से छह हजार से अधिक विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। डॉ. जसवाल इससे पूर्व भी अनेक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग ले चुके हैं। इनमें ट्रांस टैक्नीक्स एशिया पेसेफिक सियोल, चाइना इंटरवेंशनल टैक्नीक्स बीजिंग, टीसीटी 2010 वाशिंगटन और ट्रांसरेडियल इंटरवेंशनल कांफे्रंस अहमदाबाद आदि उल्लेखनीय हैं।