- सेक्टर 46 में होगा भव्य दशहरा आयोजन, 106 फुट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन
- रावण दहन के साथ नशे के खिलाफ भी उठेगी आवाज, सेक्टर 46 में दशहरे की तैयारियां पूरी
- राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया होंगे मुख्य अतिथि, एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद
चंडीगढ़, 18 अक्टूबर - श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी, सेक्टर-46, चंडीगढ़ की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। सेक्टर 46 स्थित सब्जी मंडी वाले ग्राउंड में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले 29वें दशहरा महोत्सव में 106 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रथ पर सवार रावण की घूमती गर्दन और चेहरा, नाभि से निकलने वाली अमृत कुंड की धारा तथा आंखों से निकलने वाले आग के अंगारे इस बार के आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा सोने की लंका का दहन भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।
इस भव्य आयोजन को लेकर रविवार को श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-46 में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कमेटी के मुख्य संरक्षक एवं चेयरमैन जतिंदर भाटिया, प्रधान नरिंदर कुमार भाटिया, महासचिव सुशील सोवत तथा कमेटी के अन्य सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
नशामुक्त चंडीगढ़ का संदेश देगा दशहरा महोत्सव -
कमेटी के मुख्य संरक्षक एवं चेयरमैन जतिंदर भाटिया ने बताया कि चंडीगढ़ के प्रशासक की ओर से 'नशामुक्त चंडीगढ़' को लेकर चलाई जा रही मुहिम के तहत लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए प्रतीकात्मक रूप से नशे के पुतले का दहन किया जाएगा, ताकि समाज को नशे जैसी बुराई से दूर रहने का संदेश दिया जा सके। उन्होंने कहा कि श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी की ओर से तैयार किए जाने वाले रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले हर वर्ष चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली सहित पूरे ट्राइसिटी के लोगों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सूर्यास्त के बाद मंत्रोच्चारण के साथ तीनों पुतलों का दहन किया जाएगा।
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया होंगे मुख्य अतिथि -
दशहरा कमेटी के प्रधान नरिंदर कुमार भाटिया, महासचिव सुशील सोवत ने बताया कि 20 अक्टूबर को आयोजित दशहरा महोत्सव में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पंजाब के पूर्व स्पेशल चीफ सेक्रेटरी वीके सिंह (आईएएस), चंडीगढ़ प्रशासन के चीफ विजिलेंस अफसर व चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सीईओ डी. कार्तिके (आईएएस), चंडीगढ़ प्रशासन के डायरेक्टर सोशल वेलफेयर नवीन रत्तू (दानिक्स) तथा पंजाब अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी एसएएस नगर मोहाली के एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर राकेश कुमार पोपली (पीसीएस) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। जीजीडीएसडी कॉलेज सोसाइटी, चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष प्रोफेसर सिद्धार्थ शर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
इसके अतिरिक्त चंडीगढ़ प्रशासन के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा, चंडीगढ़ नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय शर्मा, गोस्वामी गणेश दत्ता सनातन धर्म कॉलेज (जीजीडीएसडी कॉलेज) सेक्टर 32 के प्रिंसिपल डॉ. अजय शर्मा, चंडीगढ़ के पूर्व चीफ इंजीनियर किशनजीत सिंह तथा एसके चड्ढा भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दो विशिष्ट हस्तियों को मिलेगा ‘चंडीगढ़ रत्न अवार्ड’ -
दशहरा कमेटी के चेयरमैन जतिंदर भाटिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी समाज और अपने-अपने क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली हस्तियों को ‘चंडीगढ़ रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रोफेसर प्रदीप सिंह वालिया तथा चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग में सब-डिवीजनल इंजीनियर सरबन सिंह को उनके सराहनीय कार्यों के लिए इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
रामलीला कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी खास आकर्षण -
दशहरा कमेटी के महासचिव सुशील सोवत ने बताया कि आयोजन स्थल पर बनाए गए मंच पर शहर की विभिन्न रामलीला कमेटियों के कलाकारों की ओर से धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें परशुराम-श्रीराम संवाद, रावण-श्रीराम संवाद तथा श्री हनुमान-रावण संवाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उन्होंने बताया कि दशहरा मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए हर वर्ष की तरह इस बार भी तीर-कमान, गदा और तलवार आदि खिलौने वितरित किए जाएंगे, ताकि बच्चे भी इस पर्व का आनंद उठा सकें।
दोपहर 3 बजे निकलेगी शोभायात्रा -
श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी के प्रधान नरिंदर कुमार भाटिया और महासचिव सुशील सोवत ने बताया कि 20 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे सेक्टर-46 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा सेक्टर-47 और सेक्टर-45 से होते हुए शाम 4:30 बजे सेक्टर 46 में दशहरा आयोजन स्थल पर पहुंचेगी। इसके बाद धार्मिक कार्यक्रमों और दशहरा महोत्सव की अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
8 हजार कुर्सियों की व्यवस्था, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम -
जतिंदर भाटिया ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर लगभग 8 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। मेले में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस के जवानों के साथ निजी सुरक्षा कर्मी भी आयोजन स्थल पर तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चंडीगढ़ नगर निगम की दमकल गाड़ियों और एंबुलेंस की व्यवस्था भी पूरे कार्यक्रम के दौरान रहेगी। इसके अलावा महोत्सव का कई प्रमुख टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि किसी कारणवश आयोजन स्थल पर नहीं पहुंच पाने वाले लोग, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग, घर बैठे ही कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद -
जतिंदर भाटिया ने बताया कि श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी की ओर से इस वर्ष 29वें दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। विशेष आकर्षणों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए व्यापक प्रबंधों के कारण हर वर्ष ट्राइसिटी से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और पूरे क्षेत्र में महोत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार सेक्टर-46 सहित पूरे ट्राइसिटी से एक लाख से अधिक लोग दशहरा महोत्सव में शामिल होंगे।