चंडीगढ़ : ‘लव यू सोणिये’ की पूरी स्टार कास्ट आज पीवीआर एलांटे में मौजूद थी। मौका था ‘लव यू सोणिये’ की म्यूजिक लांच का। लीड एक्टर एवं इस फिल्म के निर्माता करणवीर बोहरा व तीजे सिद्धू के अलावा फिल्म के जो अन्य कलाकार उपस्थित थे उनमें प्रमुख थे रोडीज फेम रघु राम, कॉमेडी नाइट्स विद कपिल की बुआ फेम उपासना सिंह, बिग बॉस फेम विंदु दारा सिंह एवं शिवेंद्र महल। कॉलेज की कहानी पर आधारित यह फिल्म आगामी 6 दिसंबर को रिलीज होने के लिए तैयार है।
‘लव यू सोणिये’ में संगीत देने वाली पूरी टीम इस मौके पर मौजूद थी, जिनमें संगीतकार इश्क बैक्टर, श्री डी, हैरी आनंद और गीतकार कुमार उल्लेखनीय हैं। फिल्म का निर्देशन साहिल कोहली ने किया है।
‘लव यू सोणिये’ में कई चीजें पहली बार हो रही हैं, जैसे कि इसका ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन बीफोरयू ने संभाला है, जो किसी पंजाबी फिल्म के लिए पहली बार ऐसा कर रही है। पीवीआर सिनेमाज के पास राष्ट्रीय वितरण के लिए जाने वाली यह पहली पंजाबी फिल्म है। करणवीर और तीजे ने इस मौके पर अपनी खुद की म्यूजिक कंपनी ‘मैट्रिक्स म्यूजिक’ शुरू करने की भी घोषणा की।
फिल्म के मुख्य कलाकार करणवीर बोहरा ने बताया, ‘लव यू सोणिये’ एक मजेदार, रोमांटिक व जोश से भरपूर कॉमेडी मूवी है। पूरे परिवार के लिए यह एक अच्छी एंटरटेनर है। हमने इस मूवी की भाषा इतनी सरल रखी है कि पंजाबी न जानने वाले दर्शक भी इसे आसानी से समझ सकें। हमें विश्वास है कि दर्शक यह फिल्म देखने के बाद सिनेमा हॉल से मुस्कराते हुए निकलेंगे। फिल्म का संदेश है कि परिवार को प्राथमिकता दो, इससे प्रेम में कामयाबी मिलेगी।’
करणवीर टीवी सीरियल ‘सौभाग्यवती भव’ के विराज के रूप में लोकप्रिय रहे हैं। वे अत्यधिक सराहे गये हालिया रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ सीजन-6 के स्टार डांसर भी हैं। करणवीर की लाइफ पार्टनर एवं चैनल वी की पूर्व वीजे व एक्टर तीजे सिद्धू ने बताया कि ‘लव यू सोणिये’ के जरिये 14 नये कलाकार पंजाबी सिनेमा में कदम रख रहे हैं। तीजे सिद्धू ने एकता कपूर के पहले सीरियल ‘किन्ना सोना तैनू रब ने बनाया’ (2012) की जस्सी के रूप में लोकप्रियता हासिल की थी।
करणवीर और तीजे अपने नये प्रोडक्शन हाउस फायरबर्ड प्रोडक्शंस के बैनर तले ‘लव यू सोणिये’ को पेश कर रहे हंै। पंजाबी सिनेमा की दुनिया में ऐसा पहली बार हुआ है कि रियल लाइफ की कोई जोड़ी रील लाइफ में भी पति-पत्नी की भूमिका निभा रही है। ‘लव यू सोणिये’ से रोडीज-फेम रघु राम भी पंजाबी फिल्मों में कदम रख रहे हैं। फिल्म में वे करणवीर के भाई का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘लव यू सोणिये’ एक रोमांटिक व कॉमेडी से भरपूर फिल्म है और मैं देखना चाहता हूं कि लोग मुझे एक अभिनेता के रूप में किस तरह देखते हैं। करणवीर व तीजे के अलावा ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’-फेम ‘बुआ’ उपासना सिंह व विंदू दारा सिंह भी फिल्म के मुख्य आकर्षण हैं।