चंडीगढ़ : सेक्टर 17 प्लाजा में आज गुरुकुल ग्लोबल के 100 से अधिक छात्रों ने युवसत्ता एनजीओ के स्वयंसेवकों के साथ मिलकर शांति अभियान शुरू किया। सभी बच्चे व स्वयंसेवक फेस्ट में भाग लेने वाले देशों की राष्ट्रीय वेशभूषा में थे। वे हाथ में कैंडल व संबंधित देशों के बैनर लिये लोगों को शांति, परस्पर सद्भावना, अहिंसा व आपसी भाइचारे का संदेश दे रहे थे। यह शांति अभियान आगामी 8वें इंटरनेशनल यूथ पीस फेस्ट (आईवाईपीएफ 2013) के शुरूआती आयोजनों का एक हिस्सा था।
गुरुकुल ग्लोबल स्कूल मनीमाजरा की प्रिंसीपल अरुणा भारद्वाज ने युवसत्ता की इस मुहिम की सराहना की और कहा, ‘बच्चे लोगों को ‘वसुधैव कुटुंबकम’ व ‘एक नूर ते सब जग उपजा’ का संदेश देना चाहते हैं। वे लोगों को बताना चाहते हैं कि हम सब एक परिवार हैं और हत्याओं, अपराधों व हिंसा का दौर अब खत्म होना चाहिए, ताकि भावी पीढिय़ां पे्रमभाव, शांति, आपसी भाइचारे व परस्पर सद्भावना से परिपूर्ण ताजी हवा में सांस ले सकें।’
शांति मार्च के दौरान 50 फीट के आकार का एक बैनर भी प्लाजा में लगाया गया और उपस्थित लोगों को पे्ररित किया गया कि वे अपने जीवन में, परिवार में और शहर में शांति बनाये रखने का संकल्प लें और उस संकल्प को इस बैनर पर लिखें।
युवसत्ता के समन्वयक प्रमोद शर्मा ने बताया कि गुरुकुल ग्लोबल स्कूल आगामी 8वें इंटरनेशनल यूथ पीस फेस्ट का सक्रिय भागीदार है। इस फेस्ट में भाग लेने के लिए सबसे पहले वेनेजुएला से नायरस नाम की लडक़ी सबसे पहले पहुंची है। 27 सितंबर यानी कि विश्व पर्यटन दिवस के मौके तक तीन सौ से ज्यादा लोगों के पहुंचने की हमें उम्मीद है।