चंडीगढ - युवसत्ता एनजीओ ने आज अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर 8वें इंटरनेशनल यूथ पीस फेस्ट (आईवाईपीएफ 2013) की प्रारंभिक ईवेंट की शुरुआत कर दी। इस अवसर पर ‘लड़कियों की सुरक्षा’ थीम पर एक विशेष कार्यक्रम का भी आयोजन किया, जिसमें केबी डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, सेक्टर 7-बी की छात्राओं की उपस्थिति में रामलीला के चर्चित रावण व वरिष्ठ फोटो पत्रकार सुनील शर्मा ने समाज में छिपे असली रावणों का पर्दाफाश करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के बी डीएवी-7बी एवं डॉ. जी सी मिश्रा मेमोरियल एजूकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया गया।
सुनील शर्मा पिछले 33 सालों से सेक्टर 17 पेरड ग्राउंड की रामलीला में रावण का किरदार निभाते रहे हैं। वे रावण के संपूर्ण गेटअप में स्कूल पहुंचे और उन्होंने छात्राओं के साथ मिलकर लड़कियों की सुरक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने शहरवासियों को भी लड़कियों की सुरक्षा करने व उनका पूरा मान-सम्मान करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा इस नेक काम के लिए आगे आएं और सिटी ब्यूटीफुल को ‘महिलाओं के अनुकूल’ बनाने में सहयोग करें।
केबी डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल एवं आईवाईपीएफ-2013 की सह-आयोजक मधु बहल ने बताया कि भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार व शोषण की घटनाएं बढ़ रही हैं। इन्हें रोकने के लिए युवाओं को विशेषकर लड़कियों को आगे आना होगा। अपने हक की लड़ाई लडऩी होगी। इस साल के पीस फेस्ट का मुख्य विषय ही महिलाओं की सुरक्षा व उनका सशक्तिकरण है।
एनएसएस के स्टेट सेल के राज्य संपर्क अधिकारी विक्रम सिंह राणा ने बताया कि एनएसएस इस साल के इंटरनेशनल यूथ पीस फेस्ट में सक्रिय भागीदारी कर रहा है। यह फेस्ट विश्व पर्यटन दिवस यानी 27 सितंबर से शुरू होगा और 2 अक्टूबर यानी अहिंसा दिवस व गांधी जयंती के दिन समाप्त होगा। युवसत्ता द्वारा हर साल इस फेस्ट का आयोजन किया जाता है। इस बार 50 से अधिक देशों के 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिनिधि इसमें भाग लेने के लिए भारत आएंगे। फेस्ट संबंधी सभी मुख्य कार्यक्रम पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज, सेक्टर-11 में आयोजित होंगे।