चंडीगढ़ : ‘लव यू सोणिये’ की स्टार कास्ट - करणवीर बोहरा, तीजे सिद्धू एवं रोडीज फेम रघु राम ने आज यहां चंडीगढ़ प्रेस क्लब में पंजाबी सिनेमा के पहले मोशन पोस्टर का अनावरण किया। साथ ही फिल्म का पहला थियेट्रीकल लुक भी पेश किया गया।
फिल्म के मुख्य कलाकार करणवीर बोहरा ने बताया, ‘लव यू सोणिये’ एक मजेदार, रोमांटिक व जोश से भरपूर मूवी है। पूरे परिवार के लिए यह एक अच्छी एंटरटेनर है। हमने इस मूवी की भाषा इतनी सरल रखी है कि पंजाबी न जानने वाले दर्शक भी इसे आसानी से समझ सकें।’
करणवीर टीवी सीरियल ‘सौभाग्यवती भव’ के विराज के रूप में लोकप्रिय रहे हैं। वे अत्यधिक सराहे गये हालिया रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ सीजन-6 के स्टार डांसर भी हैं।
करणवीर की लाइफ पार्टनर एवं चैनल वी की पूर्व वीजे तीजे सिद्धू ने बताया कि ‘लव यू सोणिये’ के जरिये 14 नये कलाकार पंजाबी सिनेमा में कदम रख रहे हैं। तीजे सिद्धू ने एकता कपूर के पहले सीरियल ‘किन्ना सोना तैनू रब ने बनाया’ (2012) की जस्सी के रूप में लोकप्रियता हासिल की थी।
करणवीर और तीजे अपने नये प्रोडक्शन हाउस फायरबर्ड प्रोडक्शंस के बैनर तले ‘लव यू सोणिये’ को पेश कर रहे हंै। पंजाबी सिनेमा की दुनिया में ऐसा पहली बार हुआ है कि रियल लाइफ की कोई जोड़ी रील लाइफ में भी पति-पत्नी की भूमिका निभा रही है।
‘लव यू सोणिये’ से रोडीज-फेम रघु राम भी पंजाबी फिल्मों में कदम रख रहे हैं। फिल्म में वे करणवीर के भाई का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘लव यू सोणिये’ एक रोमांटिक व कॉमेडी से भरपूर फिल्म है और मैं देखना चाहता हूं कि लोग मुझे एक अभिनेता के रूप में किस तरह देखते हैं।
करणवीर व तीजे के अलावा ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’-फेम ‘बुआ’ उपासना सिंह व विंदू दारा सिंह भी फिल्म के मुख्य आकर्षण हैं।