जीएमसीएच-32 में एडमिशन की अंतिम तारीख के बाद बढ़ी हुई सीटों के लिए आवेदन मांगने का मामला सोमवार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया। जस्टिस आरके जैन ने याचिका पर जीएमसीएच और चंडीगढ़ प्रशासन को मंगलवार के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
जीएमसीएच में दूसरे राउंड की काउंसिलिंग के बाद दाखिले का इंतजार कर रहे अर्पित अग्रवाल की याचिका में कहा गया कि आवेदन की अंतिम तारीख 24 जून थी। ऐसे कई छात्रों के आवेदन स्वीकार कर लिए गए, जिनके दस्तावेज साथ में लगे ही नहीं थे। जबकि प्रॉसपेक्टस में साफ किया गया था कि अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। यह भी स्पष्ट था कि 15 फीसदी ऑल इंडिया कोटे के लिए भी अंतिम तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। बावजूद इसके चंडीगढ़ प्रशासन ने दोबारा आवेदन मांगे हैं।