चंडीगढ़ - मोहाली के प्रापर्टी डीलर अजमेर सिंह द्वारा सेक्टर 22 के चंडीगढ़ होटल में आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है मगर अभी तक इस केस में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
पुलिस सोमवार को सेक्टर 21ए के रहने वाले सतिन्द्र धारीवाल के संपर्क में थी। वहीं पुलिस चरणजीत चन्नी, हरमेल सिंह तथा बाबू के बारे में भी सूचनाएं एकत्रित की। डीएसपी सेंट्रल आशीष कपूर ने बताया कि पुलिस अभी इस मामले की पड़ताल कर रही है। कई पहलूओं पर जांच की जा ही है कि आखिर सतिन्द्र धारीवाल किस मकसद से प्रॉपर्टी की खरीदफरोख्त के लिए अजमेर सिंह के संपर्क में आया तथा अन्य लोग कब से उसके संपर्क में थे, पुलिस इन पहलूओं पर जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में इन लोगों से पता चला कि अजमेर सिंह समेत ये चारों लोग उसके साथ प्रॉपर्टी डीलिंग करते थे। लेकिन यह साफ नहीं हो पाया था कि अजमेर सिंह ने किस परेशानी के चलते अपनी जान दी थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आज होटल की सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाई। जिसमें यह जांच की जा रही थी कि 5 जुलाई से अजमेर सिंह होटल में ठहरा था क्या उससे इस बीच किसी की मुलाकात हुई थी। लेकिन फुटेज में इन चारों लोगों को होटल में आते या जाते नहीं देखा गया है। उन्होंने कहा कि मामले में अगर इन लोगों का अपराध सामने आता है तो पुलिस उन पर आवश्य कार्रवाई करेगी। रविवार सुबह करीब 9 बजे होटल के मैनेजर समेत कर्मियों ने पुलिस को सूचना देकर अजमेर सिंह के बारे में जानकारी दी थी जो काफी समय से अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब दरवाजा तोड़ा तब बिस्तर पर औंधे मुंह पड़ा था। अस्पताल ले जाये जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया था। उसके कब्जे से मिले सुसाइड नोट पर पुलिस ने उक्त चार लोगों को नामजद कर लिया था।