चडीगढ़ - शहर के गवर्नमेंट स्कूलों में टीचर्स की टाइमिंग डेढ़ घंटे (3.30 बजे तक) बढ़ाए जाने के खिलाफ गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन के 25 मेंबर्स ने सोमवार को डिप्टी डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन चंचल सिंह से मुलाकात की। यूनियन प्रेसिडेंट डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि वे डीपीआई स्कूल्स उपकार सिंह से मिलने गए थे, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में ज्ञापन डीडीएसई चंचल सिंह को सौंपा गया।
उन्होंने चंचल सिंह से कहा कि इस फैसले पर गहराई से विचार होना चाहिए। शर्मा ने कहा कि आरटीई में जो बात कही गई है, उसके मुताबिक स्कूलों में टीचर्स लेसन प्लान करने, वर्कशॉप करने, नोट बुक्स चेक करने की विशेष सुविधा मिलनी चाहिए, लेकिन यहां स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं है। इस पर डिप्टी डायरेक्टर ने उन्हें कहा कि ऐसे 20 फीसदी स्कूल होंगे, जहां टीचर्स के बैठने के लिए स्टाफ रूम या लाइब्रेरी में बैठने की उचित व्यवस्था न हो, लेकिन 80 प्रतिशत स्कूलों में यह है। सिंह ने कहा कि वे उनका फीडबैक डीपीआई स्कूल्स को दे देंगे। उन्होंने कहा कि हमें एमएचआरडी मिनिस्ट्री को जवाब देना पड़ता है। यूनियन ने फिलहाल बढ़ी टाइमिंग 5 सितंबर तक न लागू करने का आग्रह किया है।