चंडीगढ़ - सेक्टर-25 की पुनर्वासित कॉलोनी के बाशिंदों को दो महीने के अंदर भाखड़ा नहर का पानी पीने को मिलेगा। कॉलोनी के करीब 4 हजार घरों में रहने वाले लोगों को इसका फायदा होगा। प्रोजेक्ट के तहत सेक्टर-39 के वाटर वर्कस से सेक्टर-25 के वाटर वर्कस तक लाइन बिछाने का काम शुरू हो चुका है और अगस्त के अंतिम सप्ताह तक इसके पूरे होने की उम्मीद है। लाइन बिछाने पर 87 लाख रुपए खर्च होंगे। नहरी पानी पहुंचने से कॉलोनी में लो प्रेशर सप्लाई की दिक्कत खत्म होगी।
कॉलोनी में पानी सप्लाई के लिए चार ट्यूबवैल लगे हुए थे, इनमें से दो ट्यूबवैल बंद हो गए। बाकी दो से भी पर्याप्त सप्लाई नहीं हो रही थी। इसे देखते हुए मेयर ने कॉलोनी में रोजाना 8-10 वाटर टैंकर से पानी की सप्लाई शुरू कराई। इसके बावजूद लो प्रेशर सप्लाई होने से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा था। बाशिंदों ने मेनलाइन पर हैंड पंप या मोटर लगाकर पानी लेना शुरू कर दिया। लेकिन इस दौरान गंदे पानी की सप्लाई की शिकायत आई।