चंडीगढ़ - प्रशासन चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) के कर्मचारियों के लिए पेंशन स्कीम लागू करने पर राजी हो गया है। पेंशन की मांग को लेकर सीएचबी कर्मचारी पिछले 71 दिन से क्रमिक भूख हड़ताल पर थे। बीते एक हफ्ते से सीएचबी में कोई काम नहीं हो रहा था, क्योंकि ये कर्मचारी पेनडाउन स्ट्राइक पर चले गए थे। सोमवार रात को प्रशासन के अफसरों और सीएचबी कर्मचारियों के बीच हुई मीटिंग में पेंशन देने का फैसला हुआ।
मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए सलाहकार केके शर्मा ने स्पष्ट किया कि वे 10 करोड़ और नगर प्रशासक 50 करोड़ तक के प्रोजेक्ट्स या भत्तों की मंजूरी दे सकते हैं। पीयू की तर्ज पर सीएचबी कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए अगर ज्यादा रकम का कॉर्पस फंड बनाने की जरूरत पड़ी तो इसके लिए केंद्र को जल्द ही प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे। कर्मचारियों ने अपना ईपीएफ अमाउंट किसी भी पेंशन फंड में सरेंडर करने पर सहमति दी है।
एडवाइजर ने सीएचबी के चेयरमैन सत्यगोपाल को बोर्ड से रिटायर हो चुके कर्मचारियों को मेडिकल सुविधा देने के मसले पर सहानुभूति के तौर पर विचार करने को कहा। इससे पहले फाइनेंस सेक्रेटरी ने सुबह रीजनल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर से सीएचबी इंप्लाइज को पेंशन देने के मसले पर बात की थी।
सीएचबी के प्रेस सेक्रेटरी आनंद गुप्ता ने कहा कि अफसरों ने पेंशन स्कीम लागू करने पर सहमति जताई है। वे आगे की कार्रवाई के लिए धरना खत्म करने के लिए दबाव डाल रहे हैं। मंगलवार को जनरल बॉडी मीटिंग बुलाकर आगे की रणनीति तय होगी।