चंडीगढ़ - केन्द्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा संचालित यूपीए सरकार के मंत्रियों द्वारा किए जा रहे घोटालों को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में अब 17 जून से लेकर 30 जून तक जेल भरो आंदोलन की शुरुआत करेगी।
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश की इकाई इस आंदोलन की शुरूआत 23 जून को करेगी। बीजेपी चंडीगढ़ की प्रभारी आरती मेहरा ने भाजपा कार्यालय, कमलम्, चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होनें कहा कि चंडीगढ़ के सांसद पवन कुमार बंसल एवं उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते आ रहे हैं, इन्हीं घोटालों को उजागर करने के लिए पवन कुमार बंसल भ्रष्टाचार उजागर कमेटी का भी गठन किया गया था। 23 जून को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा मुखर्जी की पुण्यतिथि पर यूपीए सरकार द्वारा किए गए घोटाले, भ्रष्टाचार, मंहगाई, बेरोजगारी के विरोध में 23 जून को जेल भरो आंदोलन की शुरुआत करेगी।
इस मौके पर चंडीगढ़ के पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, पूर्व सांसद हरमोहन धवन, महासचिव चंद्रशेखर, प्रेम कौशिक, पार्षद अरूण सूद, प्रवक्ता एपी सांवरिया और गुरप्रीत सिंह ढिल्लों उपस्थित थे।