चंडीगढ़ – वर्ल्ड हेरिटेज ट्रैक कालका-शिमला के बीच पहाड़ का मलबा गिरने से कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा और कई लेट हो गईं। यह वीरवार सुबह हिमाचल प्रदेश में हुई जबरदस्त बारिश का असर था। कालका से सुबह 9:35 बजे मेल एक्सप्रेस शिमला के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन टकसाल रेलवे स्टेशन पर पहुंची ही थी कि ट्रैक पर मलबा आ गिरा। ट्रेन को वहां कई घंटों तक रोकना पड़ा।
कालका रेलवे स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार अरोड़ा ने बताया कि मेल एक्सप्रेस को वापस कालका लाया गया। ट्रैक को साफ करवाने में तीन घंटे से ज्यादा वक्त लगा। डुप्लीकेट शिवालिक, अपर मिक्स पैसेंजर ट्रेन को रद्द करना पड़ा।