चंडीगढ़ - पीजीआई में अब आसानी से एक ही क्लिक पर सभी जानकारियां मिल जाएगी। पीजीआई के निदेशक प्रोफेसर वाई. के. चावला ने पीजीआईएमईआर में आज अस्पताल की इस नई सूचना प्रणाली के उप मॉड्यूल ए.डी.टी (एडमिट, डिस्चार्ज और ट्रांसफर) का उद्घाटन किया। रोज़ाना दाखिल होने वाले मरीज़ों की संख्या, कौन से मरीज़ को किस विभाग में ट्रांसफर किया गया, कितने रोगियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, कितने गंभीर रोगियों की मौत हुई आदि अन्य जानकारियां इस पोर्टल में मिल पायेंगी।
इस अवसर पर प्रो. एस सी. वर्मा (अध्यक्ष, कंप्यूटरीकरण प्रो. एके गुप्ता (चिकित्सा अधीक्षक), प्रोफेसर नारायण(कंप्यूटरीकरण निगरान समिति के वाइस चेयरमैन), सुशील ठाकुर (वित्तीय सलाहकार सह उप निदेशक व्यवस्थापक अभिनय), जसपाल कौर (मुख्य नर्सिंग अधिकारी व नर्सिंग अधीक्षक) और अन्य कंप्यूटर कर्मचारी उपस्थित थे।
श्री चावला ने इस मौके पर कहा कि पिछले कुछ सालों में अस्पताल में रोगियों के दाखिल होने की संख्या बढ़ गई है। इसी बात को मुख्य रखते हुए अस्पताल सूचना प्रणाली का एडीटी उप मॉड्यूल पीजीआई में शुरू किया गया है ताकि इससे नर्सिंग स्टाफ, केन्द्रीय पंजीयन विभाग और रोगियों को इस प्रणाली का लाभ मिल सके। एडीटी सॉफ्टवेयर पीजीआई के कंप्यूटर सेक्शन और नर्सिंग स्टाफ के साथ परामर्श करने के बाद नोएडा की सीडैक कपंनी द्वारा विकसित किया गया है। रोगी की पूरी प्रक्रिया जैसे रोगी को दाखिल करना, मरीजों के डिस्चार्ज, मौत की जानकारी अब इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से दी जाएगी। इससे अब कुल दाखिल मरीज़ों की संख्या, ट्रासंफर, डिस्चार्ज, मौतें आदि की पूरी जानकारी नर्सिंग स्टाफ और केन्द्रीय पंजीयन विभाग को केवल कंप्यूटर पर एक क्लिक के साथ ही मिल जाएगी। मरीजों के अटेंडेंट्स के लिए भी अपने मरीज़ों को ट्रैक करने के लिए बहुत आसान हो जाएगा कि रोगी को अब पीजीआई के किस वार्ड में दाखिल किया गया है। 77 वार्डों के लगभग 500 से अधिक नर्सिंग स्टाफ को इस सॉफ्टवेयर का उपयोग करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है।