चंडीगढ़ - चंडीगढ़ क्लब की मैनेजमेंट और इम्प्लॉइज यूनियन के बीच विवाद के कारण रविवार को शाम तक क्लब के गेट पर ताला लगा रहा। इम्प्लॉइज यूनियन अपनी मांगों को लेकर रविवार सुबह से हड़ताल पर चली गई थी। इसके बाद विवाद बढऩे की आशंका के कारण कैंपस में पुलिस तैनात कर दी गई। शाम तक मैनेजमेंट ने बाहर से स्टाफ हायर करके क्लब खोल दिया।
यूनियन अप्रैल से डीए की मांग कर रही है। यूनियन से जुड़े कर्मचारियों ने शनिवार शाम तंबोला के समय अपनी कमीजें उतारकर सर्विस की थी। क्लब मैनेजमेंट ने इस हरकत का विरोध किया। रविवार सुबह यूनियन से जुड़े लोग क्लब के बाहर एकत्रित होना शुरू हो गए थे। क्लब में सुबह 7 बजे से ही सर्विस शुरू हो जाती है। लेकिन कर्मचारियों के प्रदर्शन को देखते हुए मैनेजमेंट ने गेट पर ताला लगाकर क्लब को बंद कर दिया। यूनियन और मैनेजमेंट के बीच वेतन व डीए को लेकर कोर्ट में भी केस चल रहा है। कोर्ट ने 16 जनवरी 2013 को आदेश दिया था कि कर्मचारी क्लब कैंपस में विरोध प्रदर्शन नहीं कर सकते।