नेहरू युवा केंद्र चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर 19 ग्रामीण एवं औधौगिक विकास अनुसंधान केंद्र में आयोजित हो रहा है कार्यक्रम
चंडीगढ़। नेहरू युवा केंद्र चंडीगढ़ द्वारा आयोजित 5 दिवसीय बार्डर एरिया यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम का सोमवार को शुभारंभ हुआ। सेक्टर 19 ग्रामीण एवं औधौगिक विकास अनुसंधान केंद्र में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पांच राज्यों हिमाचल, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उतर प्रदेश, उत्तराखंड के सीमावर्ती जिलों के 25 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर सेक्टर 19 ग्रामीण एवं औधौगिक विकास अनुसंधान केंद्र की निदेशक डॉ. बिंदू ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
निदेशक ने कार्यक्रम में भाग ले रहे प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता के लिए बहुत जरूरी हैं। देश में सीमा क्षेत्रों के युवाओं को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता हैं लेकिन इन क्षेत्रों के युवा भी देश की तरक्की और विकास में अपनी महत्वपूर्ण भुमिका निभा सकते हैं। इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से वे देश के अलग अलग हिस्सों के संस्कृति और परंपराओं को जान पाएंगे तो वही हमें भी सीमा क्षेत्रों के चैलेंज क्या क्या हैं वो हमें पता चल पाएंगे।
उन्होंने प्रतिभागियों को अपने संस्थान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए जिला युवा अधिकारी संजना वत्स ने बताया कि प्रतिभागी चंडीगढ़ में रहकर पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा की संस्कृति से रूबरू होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए युवाओं और विकसित भारत से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं के लिए अलग अलग सत्रों का आयोजन किया जाएगा जिसमे अलग अलग एक्सपर्ट इन युवाओं से संवाद करेंगे ।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को चंडीगढ़ के विभिन्न पर्यटन व शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाएगा। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के सीमा क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को देश के अलग अलग हिस्सों की संस्कृति से अवगत करवाना हैं। पहले दिन प्रतिभागियों ने ग्रामीण एवं औधौगिक विकास अनुसंधान केंद्र का भ्रमण कर वहां हो रहे रिसर्च कार्यों के बारे में जानकारी ली।