चंडीगढ़ दलित समुदाय से जुड़े मामलों में देरी को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने फटकार लगाई है। वीरवार को यूटी गेस्ट हाउस में आयोग के वाइस चेयरमैन डॉक्टर राज कुमार वेरका ने सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट के डायरेक्टर राजेश जोगपाल, डीआईजी आलोक कुमार, नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर को अनुसूचित जाति से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा।
आयोग की फटकार के बाद राजेश जोगपाल नाराज होकर मीटिंग बीच में ही छोड़कर चले गए। हालांकि कुछ देर बाद वे वापस आ गए। मीटिंग में प्रशासन के सभी बड़े अफसरों को बुलाया गया था, लेकिन कई अफसर मीटिंग में पहुंचे ही नहीं। आयोग ने मीटिंग में न आने वाले अफसरों को नोटिस दिया है। यही नहीं आयोग इस बाबत प्रशासक शिवराज पाटिल के साथ भी बात करने जा रहा है।
डॉक्टर वेरका ने पुलिस अफसरों को बैकलॉग में 18 कांस्टेबल्स की पोस्ट तुरंत भरने को कहा। इसके जवाब में डीआईजी आलोक कुमार ने कहा कि इसकी रिपोर्ट केंद्र में यूटी होम को भेजी दी गई है। वहां से मंजूरी मिलते ही पोस्ट भर दी जाएंगी।
नगर निगम से बैकलॉग की स्थिति के बारे में पूछा गया तो ज्वाइंट कमिश्नर ने कहा कि 600 के करीब पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।