चंडीगढ़ लोकल रूट पर चलने वाली सीटीयू की सभी बसों में एक महीने के भीतर स्पीड गवर्नर्स लग जाएंगे। यही नहीं शहर के सभी प्राइवेट स्कूलों को अपनी बसों में स्पीड गवर्नर्स लगाने होंगे। शहर के भीतर सीटीयू की लोकल बसों और स्कूल बसों की स्पीड अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटा फिक्स होगी। इससे ज्यादा स्पीड पर कोई बस नहीं चल सकेगी। यह फैसला वीरवार को एडवाइजर केके शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
एडवाइजर ने डायरेक्टर ट्रांसपोर्ट टीपीएस फूल्का और स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के सेक्रेटरी को यह सुनिश्चित करने को कहा कि स्पीड गवर्नर्स 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पर ही काम करें। सीटीयू और स्कूलों को एक महीने के भीतर स्पीड गवर्नर्स लगाने को कहा गया। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी और ट्रैफिक पुलिस को बसों की रेगुलर इंस्पेक्शन करने को कहा गया। ट्रैफिक पुलिस को यह भी देखने को कहा गया कि सीटीयू की बसें ओवर स्पीड न चलें। एसपी ट्रैफिक को स्पीड गवर्नर्स न लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में एसपी ट्रैफिक मनीष चौधरी, डायरेक्टर ट्रांसपोर्ट टीपीएस फूलका, ज्वाइंट सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट एमएम सभ्रवाल, रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी महावीर कौशिक और सीटीयू के जीएम एसपी परमार मौजूद थे।