चंडीगढ़। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल सेक्टर- 30ए चंडीगढ़ में जय मधुसूदन जय श्रीकृष्ण फाउंडेशन के सहयोग से पौधरोपण किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका इन्दु बब्बर ने मिशन लाइफ की चर्चा करते हुए विद्यार्थियों से अपने पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिये सक्रियता से कार्य करने का आग्रह किया ।
फाउंडेशन के संस्थापक प्रभुनाथ शाही ने स्कूल परिसर में संबोधित करते हुए बच्चों को पेड़ों की अंधाधुंध कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि पेड़ काटकर हम अपने जीवन की सांसों को कम कर रहे हैं और हम सभी को पेड़ों को बचाने के साथ-साथ देखभाल के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि ट्राइसिटी में फाउंडेशन के द्वारा लगाये गये पौधों के देखरेख के लिए उन्होंने ट्री एंबुलेंस की शुरुआत की है और इससे पौधरोपण के शत प्रतिशत सफलता में मदद मिल रही है।
फाउंडेशन के शिक्षण संस्थान सह प्रमुख पूर्व प्रधानाचार्य प्रताप सिंह कौशल ने सभी से अनुरोध किया कि हम सभी को अपने विशेष दिन के अवसर पर पौधा लगाकर उसे पेड़ बनने तक उसकी उचित देखभाल करनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागियों का विशेष धन्यवाद किया गया और सभी ने पेड़ बचाने का संकल्प लिया।