पहली और दूसरी क्लास के स्टूडेंट्स ने पंजाब का लोकनृत्य भंगड़ा पेश कर दर्शकों को थिरकने पर किया मजबूर
चंडीगढ़। मानव मंगल स्मार्ट स्कूल के स्टूडेंट्स ने शनिवार को वार्षिक स्टेज शो ‘किलकारी 24’ में अपनी हर प्रस्तुति में मंच पर धमाल मचाया और दर्शकों का दिल जीत लिया। दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनकी खूब सराहना की। किलकारी में स्कूल के फर्स्ट और सेकेंड कक्षाओं के सभी स्टूडेंट्स ने मंच पर अपनी प्रतिभा बिखेरने में किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ी। समारोह की खास बात यह रही कि इन दोनों कक्षाओं के अलग अलग सेक्शन के सभी स्टूडेंट्स ने इसमें हिस्सा लिया और अपनी प्रस्तुति से यह साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं। अपने नन्हें मुन्नों को मंच पर परफार्म करता देख उनके पेरेंट्स और ग्रैंड पेरेंट्स बहुत खुश थे तथा अपनी जगह पर बैठकर वे मंच पर उनकी हर एक अदा को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे थे।
समारोह की शुरुआत में स्कूल की प्रिंसिपल ने उपलब्धियां प्रस्तुत कीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत प्रेयर डांस ‘तारीफ करां’ से हुई जिसमें बच्चों ने ईश्वर से उनकी प्रार्थना को सुनने का आग्रह किया। इसके बाद बच्चों ने जीवन में पिता के महत्व को बताती भावपूर्ण प्रस्तुति ‘माय सुपर हीरो माय डैड’ दी। फर्स्ट बी और सेकेंड जी कक्षाओं के छात्रों ने जल के संरक्षण का महत्व बताती अलग अलग प्रस्तुतियां दीं जिसमें उन्होंने संदेश दिया कि पानी की हर बूंद कितनी कीमती होती है और पानी की हर बूंद को बचाना कितना जरूरी है। इसके बाद फर्स्ट ई और सेकेंड एफ के बच्चों ने जहां सड़क सुरक्षा नियमों को बताती शानदार प्रस्तुति दी, वहीं सेकेंड डी के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक फैशन शो प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में बच्चे दर्शकों को फेयरीलैंड ले गए।
फर्स्ट एफ और सेकेंड ए क्लास के स्टूडेंट्स ने पंजाब का लोकनृत्य भंगड़ा पेश कर मंच पर धमाल मचा दिया और दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। स्कूल के डॉयरेक्टर संजय सरदाना ने कहा कि इस उम्र में मंच पर प्रस्तुति से बच्चों का डर दूर हो जाता है तथा उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। यही वजह है कि स्कूल इस वार्षिक शो के माध्यम से यह सुनिश्चित करता है कि हर क्लास के हर स्टूडेंट को मंच पर प्रस्तुति देने का मौका मिले। सभी बच्चों को समारोह के अंत में गिफ्ट दिए गए।