राज्यपाल और यूटी प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित आज करेंगे गली क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन
चंडीगढ़ । सिटी ब्यूटीफुल में शुक्रवार से शुरु होने वाले गली क्रिकेट टूर्नामेंट की कड़ी में चंडीगढ़ पुलिस के उच्चाधिकारियों और यूटीसीए प्रबंधको ने सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम से शुरु होने वाले उद्घाटन स्थल के प्रबंधों का जायजा लिया। चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरदीप कौर और यूटीसीए अध्यक्ष संजय टंडन ने आयोजन स्थल में होने जा रही तैयारियों को देखा। इसके अलावा सचिव देवेन्द्र शर्मा ने पुलिस विभाग के सभी थाना प्रभारियों और वैन्यू मैनेजर्स के साथ बैठक कर सुनिश्चित करवाया है सभी मैदान खेलने के लिये अनुकूल हैं। वहीं बुधवार को जर्सी अनावरण के साथ सभी पुलिस स्टेशनों के माध्यम से भाग ले रही टीमों को जर्सियां और किट वितरित की गई।
26 जुलाई को पंजाब के राज्यपाल व यूटी प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित, डीजीपी सुरेन्द्र सिंह यादव और प्रशासक के सलाहाकार राजीव वर्मा की मौजूदगी में 17 दिवसीय टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगें। इस अवसर पर भाग ले रहे 300 टीमो के करीब 3600 खिलाड़ी सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगें। बच्चों में क्रिकेट भावना को उत्साहित करने के लिये इस अवसर पर चंडीगढ़ टीम के विभिन्न फारमेट के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी शामिल होंगें।
लगभग दो घंटे चलने वाले इस कार्यक्रम में उद्घाटन अवसर के दौरान स्क्रिनिंग के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किये जायेंगें। हलांकि स्टेडियम की पिच और मैदान को अपग्रेड करने के चलते यहां सिर्फ उद्घाटन समारोह ही आयोजित किया जा रहा है जबकि लड़कों और लडकियों दोनो वर्ग के लगभग 290 मैचों का आयोजन पुलिस लाइंस सहित शहर के अन्य आठ स्कूलों में आयोजित किया जा रहा। मुकाबले 27 जुलाई से शुरु होगें।
शहर के बुद्धिजीवि वर्गो के लिये वीकऐंड्स पर आयोजित होने वाले मैच मुल्लांपुर स्टेडियम, मोहाली स्थित पीसीए और पंचकूला स्थित ताउ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किये जायेंगें। टूर्नामेंट का थीम बल्ला घुमाओ नशा भगाओ है जबकि इस आयोजन को चंडीगढ़ पुलिस के साथ साथ नगर निगम, खेल, शिक्षा और सामाजिक कल्याण विभाग का समर्थन प्राप्त है।