अनिल मसीह को माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने दोषी माना है: डॉ. आहलूवालिया
सदन ने पूर्व मेयर एवं वरिष्ठ आप नेता प्रदीप छाबड़ा को श्रद्धांजलि दी
चंडीगढ़, 9 जुलाई, 2024: आज चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक में बीजेपी के मनोनीत पार्षद और मेयर चुनाव में पीठासीन अधिकारी रहे अनिल मसीह को लेकर बीजेपी पार्षदों ने नगर निगम की कार्यवाही नहीं चलने दी। काफी देर तक मेयर कुलदीप कुमार ने बीजेपी पार्षदों को शांत होने के लिए कहा, लेकिन बीजेपी पार्षदों ने मेयर की बात नहीं मानी और हंगामा जारी रखा। आखिरकार मेयर कुलदीप कुमार को मार्शल बुलाकर हंगामा कर रहे बीजेपी पार्षदों को सदन से बाहर करने का आदेश देना पड़ा।
पंजाब जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन और आम आदमी पार्टी (आप) चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ. एसएस आहलूवालिया ने भाजपा पार्षदों के इस हरकत की निंदा की और कहा कि भाजपा अभी भी मेयर चुनाव में लोकतंत्र की हत्या करने वाले अनिल मसीह के सहारे चल रही है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर चुनाव के दौरान मेयर कुलदीप कुमार के 8 वोट गलत तरीके से रद्द करने के मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनिल मसीह को दोषी पाया गया है। अनिल मशीर को सजा देने के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय में आगे की कार्यवाही चल रही है। अनिल मसीह माननीय सर्वोच्च न्यायालय में भी दो बार झूठ बोल चुके हैं कि मेयर चुनाव के दौरान उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था।
डॉ. आहलूवालिया ने आगे कहा कि भाजपा पार्षदों को नगर निगम में लोकतंत्र के हत्यारे अनिल मसीह का सहारा नहीं लेना चाहिए और नगर निगम के कामकाज में बाधा नहीं डालनी चाहिए। लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ की जनता ने भाजपा को नकार दिया है और मेयर चुनाव में अनिल मसीह ने चंडीगढ़ की जो बदनामी पूरी दुनिया में करवाई है उसके लिए चंडीगढ़ की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी।
चंडीगढ़ नगर निगम के पूर्व मेयर और वरिष्ठ आप नेता प्रदीप छाबड़ा के निधन पर आज नगर निगम ने श्रद्धांजलि दी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डॉ. एसएस आहलूवालिया ने भी प्रदीप छाबड़ा के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।