देहरादून 17 अप्रैलः एचसीसीबीपीएल Coca cola कोका कोला उत्तराखण्ड में 600 करोड़ रूपए का निवेश करने जा रही है। इस संबंध में बुधवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की उपस्थिति में सिडकुल उत्तराखण्ड सरकार व हिन्दुस्तान कोका कोला बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड के मध्य एमओयू किया गया गया है। कम्पनी के ओर से एक्जीक्यूटीव डायरेक्टर श्रीमती शुक्ला वासन व सिडकुल की ओर से प्रबंधक निदेशक राकेश शर्मा ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि कोका कोला जैसी कम्पनी के राज्य में निवेश करने से पूरे उद्योग जगत में सकारात्मक संदेश जाएगा और अन्य कम्पनियां भी यहां निवेश के लिए आगे आएंगी। राज्य सरकार ने प्रदेश में निवेश का वातावरण बनाने का प्रयास किया है। सिडकुल फेज दो ऐसा ही प्रयास है। उद्योगों को एकल खिड़की सुविधा दी जा रही है। राज्य का विकास निवेश पर निर्भर है।
उत्तराखण्ड एक शांत राज्य है। यहां अपराध दर तुलनात्मक रूप से काफी कम है और श्रम संबंधी समस्याएं नहीं हैं। राज्य में विकसित मानवीय संसाधन उपलब्ध है। कम्पनी के सीनियर वाईस पे्रसीडेंट पैट्रिक जार्ज ने अरनेस्ट मनी व प्रोसेसिंग चार्जेज के रूप में 1 करोड़ 60 लाख रूपये का चेक सौंपा। उन्होने सरकार द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कम्पनी इस प्रोजेक्ट पर लगभग 600 करोड़ रूपए का निवेश दो चरणों में करेगी। जिससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 1000 व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। रोजगार में स्थानीय लोगों को विशेष प्राथमिकता दी जायेगी। सिडकुल के प्रबन्ध निदेशक राकेश शर्मा ने बताया कि हिन्दुस्तान कोका कोला बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड देहरादून के विकासनगर तहसील के ग्राम छरबा, लांघा रोड़ में 60 एकड़ भूमि पर अपना प्लांट लगायेगी। कम्पनी को भूमि 95 लाख रूपये प्रति एकड़ की दर पर उपलब्ध करायी जायेगी। इस अवसर पर मुख्य सचिव आलोक कुमार जैन, कम्पनी के एसोसिएट वाइस प्रेसीडेंट राजीव रंजन, व अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।