नयी दिल्ली 17 अप्रैल:: बिकवाली दबाव के चलते सोने में गिरावट आज लगातार चौथे दिन भी जारी रही. आज इसके भाव 90 रुपये और टूटकर 20 महीने के निचले स्तर पर आ गये.
स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना 90 रुपये और टूटकर 26,350 रुपये प्रति डालर पर बंद हुआ. यह इसका 17 अगस्त 2011 के बाद का सबसे निचला स्तर है. इससे पहले तीन दिनों में सोना 3,160 रुपये टूट चुका है. इसी तरह औद्योगिक इकाई तथा सिक्का निर्माताओं की मांग में कमी के चलते चांदी के भाव 425 रुपये टूटकर 45,700 रुपये प्रति किलो पर आ गये. बीते तीन सत्रों में चांदी में 6,475 रुपये की गिरावट आ चुकी है.
साइप्रस केंद्रीय बैंक द्वारा सोना बेचने की अटकलों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसके भाव टूटे हैं. इसके चलते स्थानीय बाजार धारणा भी प्रभावित हुई. डालर की तुलना में रुपये में मजबूती से भी डालर मूल्य में सोना, चांदी कमजोर हुये. घरेलू मोर्चे पर सोना 99.9 और 99.5 के भाव 90 रुपये (प्रत्येक) टूटकर क्रमश: 26,350 रुपये तथा 26,150 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुए.
हालांकि, गिन्नी का भाव भी 200 रुपये सुधरकर 24,000 रुपये प्रति (आठ ग्राम) पर बंद हुये. चांदी तैयार का भाव 425 रुपये और टूटकर 45,700 रुपये प्रति किलो, चांदी साप्ताहिक के भाव 690 रुपये की गिरावट के साथ 43,460 रुपये प्रति किलो पर बंद हुए. वहीं, चांदी सिक्का में स्थिरता का रख देखने को मिला और यह पूर्व स्तर 74000- 75000 रुपये प्रति सैकड़ा पर बंद हुए.