नई दिल्ली, 17 अप्रैल: ओलंपिक खेलों के कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह का हेरोइन सहित अन्य प्रतिबंधित पदार्थों के लिये नाडा द्वारा किया गया टेस्ट नेगेटिव आया है. ड्रग मामले में फंसे विजेंदर के लिये यह बड़ी राहत की बात है. खेल मंत्रालय ने आज यहां कहा कि विजेंदर के खून और मूत्र के नमूने प्रतिबंधित पदार्थों के लिये जांच के बाद नेगेटिव पाये गये हैं जबकि चार अन्य मुक्केबाजों के नमूने भी नेगेटिव पाये गये हैं.
मंत्रालय द्वारा आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार,‘‘ विजेंदर और अन्य चार मुक्केबाजों पर प्रतिबंधित पदार्थों के लिये प्रतियोगिता से इतर लिये गये नमूनों का डोप टेस्ट नेगेटिव पाया गया है. खिलाड़ियों के केवल खून और मूत्र की जांच की गयी थी इस टेस्ट में प्रतिबंधित ड्रग साइकोट्रोपिक पदार्थ की जांच शामिल है.’’ खेल मंत्रालय के अनुरोध पर ये टेस्ट राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी :नाडा: द्वारा कराये गये थे जिसमें ये मुक्केबाज पाक साफ निकले हैं. उल्लेखनीय है कि विजेंदर का नाम पंजाब के जीरकपुर में एक अनिवासी भारतीय अनूप सिंह कहलों के घर से गत सात मार्च को बरामद हुई 130 करोड़ रुपये की हेरोइन के मामले में सामने आया था.
कहलों के घर के समीप ही विजेंदर की पत्नी की कार भी बरामद हुई थी. पुलिस पूछताछ में कहलों ने इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने विजेंदर और उनके साथी मुक्केबाज राम सिंह को हेरोइन बेची थी. हालांकि विजेंदर शुरु से इस मामले में स्वयं को निदरेष बता रहे थे. पुलिस का यह भी आरोप है कि विजेंदर ने 12 बार हिरोइन का सेवन किया.