मुंबई - बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी को कौड़ियों के भाव जमीन आवंटित करने के मुद्दे पर चौतरफा घिरी महाराष्ट्र सरकार ने कहा कि उप-नगरीय वसोर्वा इलाके में अभिनेत्री को पहले आवंटित की गई जमीन वापस ली जाएगी। इस बीच, अधिकारी अंधेरी इलाके में हेमा को आवंटित की गई नई जमीन की कीमत पर फैसला नहीं कर सके हैं।
इससे पहले, विपक्षी कांग्रेस ने हेमा की नाट्यविहार कलाकेंद्र चैरिटी ट्रस्ट के लिए अंधेरी के अंबोली इलाके में उन्हें हाल ही में महज 70,000 रुपए में दी गई जमीन के मुद्दे पर राज्य की भाजपा की अगुवाई वाली सरकार पर हमला बोला। राजस्व मंत्री खड़से ने कहा कि राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों को वापस ली जाने वाली जमीन पर बगीचा नहीं बनने देने का आदेश दिया गया है।