नई दिल्ली - एम्स मेडिकल बोर्ड सर्वसम्मति से इस नतीजे पर पहुंचा है कि सुनंदा पुष्कर की मौत जहर के कारण हुई और उनके पेट में अल्प्रैक्स दवा का अंश मौजूद था। बोर्ड ने सुनंदा के विसरा नमूनों पर एफबीआई रिपोर्ट पर अपनी राय दी। सुनंदा के शरीर पर एक खास निशान के मद्देनजर बोर्ड ने इंजेक्शन से जहर दिए जाने की आशंका से इंकार नहीं किया। बोर्ड ने कहा कि एफबीआई रिपोर्ट ने उनके शरीर में लिडोकाइन मौजूद होने की पुष्टि की है।
बोर्ड ने कहा कि मेडिकल बोर्ड की राय से दिल्ली पुलिस को अवगत करा दिया गया है। रिपोर्ट में दवाओं के मिश्रण के कारण मौत से इंकार किया है और कहा गया है कि मेडिकल रिपोर्ट को पूरी आशंका है कि एफबीआई रिपोर्ट के अभाव में इस मामले में घालमेल का परिदृश्य बन सकता था।
लिखित राय में कहा गया है कि मेडिकल बोर्ड सर्वसम्मति से इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि इस मामले में मौत का कारण जहर है। इसमें कहा गया है कि अल्प्रैक्स दवाई के बरामद किए गए खाली पत्ते और एफबीआई रिपोर्ट से पुष्टि होती है कि मौत अत्यधिक मात्रा में अल्प्राजोलम दवाई खाने के कारण हुई।