नई दिल्ली - भाजपा सांसद साक्षी महराज व एआईएमआईएम असदुद्दीन ओवैसी के बाद अब भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन को भी आतंकी संगठन आईएस की धमकी मिली है। शाहनवाज को यह धमकी उनके निवास पर भेजी गई एक चिट्ठी के जरिये शुक्रवार को दी गई है। नई दिल्ली जिले के डीसीपी जतिन नरवाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर हमने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
डीसीपी के मुताबिक धमकी भरा पत्र साधारण डाक से भेजा गया है। इस पत्र पर एक डाक टिकट भी लगा है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह पत्र आखिरकार किस पोस्ट आफिस से भेजा गया है। उनका कहना है कि पोस्ट आफिस का पता लगाने के बाद हमारी टीम अपनी तफ्तीश आगे बढ़ाएगी। पुलिस के मुताबिक जिस लिफाफे में यह पत्र भेजा गया है, उस पर अंग्रेजी में उनका नाम लिखा है।
लिफाफे के अंदर दो पत्र हैं, जिसमें से एक उर्दू और दूसरा अंग्रेजी में है। लिफाफे के अंदर रखे दोनों पत्रों में शाहनवाज के बारे में अपमानजनक शब्द लिखते हुए उन्हें धमकी दी गई है। पत्र के आखिरी में आईएस (इस्लामिक स्टेट) का जिक्र किया गया है।