जम्मू-कश्मीर - पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने सर्वसम्मति से जम्मू एवं कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार बनाने के मुद्दे पर फैसला लेने का अधिकार पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर छोड़ दिया। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर चली बैठक के बाद पीडीपी नेता नईम अख्तर ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ''पार्टी ने पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के बीते 10 महीने के कार्यकाल का आकलन किया। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि भाजपा के साथ भविष्य में गठबंधन जारी रखने पर फैसला लेने का अख्तियार अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर छोड़ दिया जाए।'' पूर्व शिक्षा मंत्री अख्तर ने कहा कि पार्टी ने चार घंटे चली इस बैठक में अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती में पूर्ण निष्ठा जताई। बैठक में पार्टी सांसदों, पूर्व मंत्रियों समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।