नई दिल्ली – मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण पर काबू पाने के लिए शुरू की गई ऑड ईवन कार स्कीम कामयाब रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इसे स्वेच्छा से जारी रखें। 1 जनवरी से 15 जनवरी तक अमल में लाई गई इस योजना के खत्म होने से लगभग चार घंटे पहले केजरीवाल ने कहा कि ऑड ईवन कार स्कीम से प्रदूषण कम हुआ है और सबसे बड़ी बात यह कि इसने पूरी दिल्ली को जाम से मुक्ति दी है। योजना के तहत एक-एक दिन के अंतराल पर ऑड ईवन कार स्कीम के वाहन सड़क पर उतारे गए। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि हमें ऑड ईवन कार स्कीम के लिए अभूतपूर्व समर्थन मिला। निजी तौर पर अभिभूत हूं।'
केजरीवाल ने खास तौर से सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जजों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने छूट होने के बावजूद योजना पर अमल किया और कोर्ट पहुंचने के लिए कारपूल का सहारा लिया। केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से आग्रह किया कि 'अगर आप कर सकें तो' शनिवार से ऑड ईवन कार योजना का स्वैच्छिक रुप से पालन करें। उन्होंने कहा कि यह हमारी सेहत, हमारे बच्चों की सेहत, हमारे शहर का सवाल है।' केजरीवाल ने कहा कि योजना की वजह से दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक घटा और सड़क पर चलना एक सुखद अनुभव बन गया।