कोलकाता 3 अप्रैल: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे सत्र की शुरुआत मंगलवार को बॉलीवुड के लटकों झटकों के बीच रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ हुई जिसमें अमेरिका के रैपर पिटबुल और भारतीय सुपरस्टार शाहरुख छाये रहे.
साल्ट लेक स्टेडियम में भारी संख्या में मौजूद दर्शकों ने शाहरुख, कैटरीना कैफ और दीपिका पादुकोण के परफोर्मेंस का लुत्फ उठाया. उद्घाटन समारोह का रोमांच अपने चरम पर पहुंचा जब दिन के सबसे बड़े आकर्षण पिटबुल ने मंच पर कदम रखा.
लगभग 120000 दर्शकों की क्षमता वाला फुटबाल स्टेडियम रविंद्र संगीत, बालीवुड डांस के रंग में रंगा रहा. इसके अलावा 2013 सत्र की औपचारिक शुरुआत तब हुई जब नौ टीमों के कप्तानों ने आईसीसी की खेल भावना की शपथ ‘प्ले हार्ड, प्ले फेयर’ ली. आसमान में उड़ते तबलावादक, चीनी तालवादक, आतिशबाजी उद्घाटन समारोह के अन्य आकर्षण रहे.
समारोह को छह हिस्सों में बांटा गया था. शाम की शुरुआत शाहरुख खान ने लोकप्रिय रविंद्र संगीत की काव्यमय प्रस्तुति के साथ की. टूर्नामेंट से पहले कुछ विवाद खड़े हुए थे लेकिन इस भव्य समारोह ने सभी अंदेशों पर विराम लगा दिया.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्टेडियम में मौजूद कई विशिष्ट लोगों की मौजूदगी में पारंपरिक दिया जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की. इस दौरान बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन, उपाध्यक्ष अरुण जेटली, आईपीएल अध्यक्ष राजीव शुक्ला, बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया के अलावा कई क्रिकेटर मौजूद थे.