नई दिल्ली - भारत में इज़राइली राजदूत डेनियल कार्मों ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायक और भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल (अवकाश प्राप्त) जे ऍफ़ आर जैकब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। लेफ्टिनेंट जनरल जैकब का कल राजधानी दिल्ली में एक लम्बी बीमारी के पश्चात निधन हो गया था।
वह 92 वर्ष के थे। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की विजय और बांग्लादेश की स्वतंत्रता में उनकी काफी बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने 'सरेंडर ऑफ़ ढ़ाका' (ढ़ाका का आत्मसपर्पण) नाम की एक पुस्तक भी लिखी जिसमें उन्होंने 1971 के युद्ध में 90,000 पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण की व्याख्या की है। अवकाश प्राप्ति के पश्चात वह पंजाब और गोवा के राज्यपाल भी रहे।