हरिद्वार - मकर संक्रांति पर्व स्नान के साथ ही अर्द्धकुम्भ मेला का स्नान पर्वों की बहुप्रतीक्षित श्रृंखला शुरू हो गई है। मकर संक्रांति पर्व पर कुंभ नगरी में देर सायं तक लगभग सवा आठ लाख श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके थे। मेला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा किए गए चाक-चौबंद प्रबंधों के चलते अर्द्धकुम्भ के पहले दिन का स्नान सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो गया। आज संपन्न स्नान को लेकर किए गए इंतजामों पर अखाड़ों, साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त करते हुए अर्द्धकुम्भ मेला को लेकर सरकार के प्रयासों की सराहना की है।
अर्द्धकुम्भ मेला के पहले स्नान पर्व मकर संक्रांति के अवसर पर गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित करने के लिए रात्रि दो बजे से ही स्नानार्थियों के द्वारा हरकी पैड़ी सहित अन्य घाटों पर गंगा में डुबकी लगाने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे तथा विदेशों के भी काफी श्रद्धालु अर्द्धकुम्भ के पहले स्नान के साक्षी बने। दिन ढलने तक गंगा में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा सवा आठ लाख को भी पार कर गया। पहले स्नान पर्व को निर्विघ्न एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मेला प्रशासन एवं पुलिस के द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे।