नई दिल्ली - दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा लगातार नरेंद्र मोदी सरकार पर डीडीसीए मामले में तमाम आरोप लगाए जाने के बाद बीजेपी ने चेतावनी दी कि अरविंद केजरीवाल को वित्तमंत्री अरुण जेटली द्वारा दायर मानहानि के मामले में जेल जाने को तैयार रहना चाहिए। एक के बाद एक असंवैधानिक कदम उठाने का आरोप लगाते हुए बीजेपी ने कहा कि केजरीवाल पूरी तरह नाकाम रहे हैं और अपनी सरकार की नाकामी को छिपाने के लिए राजनीतिक विद्वेष की भावना से इस प्रकार के आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने दावा किया है कि केजरीवाल सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की आप सरकार केंद्र सरकार और अन्य संस्थानों में हलचल पैदा करने के लिए ये हमले कर रही है।
डीडीसीए में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए दिल्ली सरकार के जांच आयोग को अवैध करार देने के केंद्र के फैसले के बावजूद उसके काम करने पर केजरीवाल के जोर देने के बाद शर्मा ने केजरीवाल को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अदालत में ये दलीलें देनीं चाहिए, जहां मानहानि के मामले की सुनवाई हो रही है। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार गरीब परिवार में जन्मे और भ्रष्टाचार मिटाने का संकल्प लेने वाले पीएम नरेंद्र मोदी की अगुआई में चल रही है और केजरीवाल बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को संविधान पढ़ना चाहिए और असंवैधानिक निर्णय लेने बंद करने चाहिए।