जम्मू - मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया में लग रहे कुछ समय की वजह से जम्मू-कश्मीर में शनिवार रात राज्यपाल शासन लागू कर दिया गया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने दिल्ली में बताया, जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा की सिफारिश के आधार पर राज्य में राज्यपाल शासन लागू करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की अनुशंसा को राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी है। सईद के निधन के बाद शोक में डूबी उनकी बेटी महबूबा मुफ्ती द्वारा कुछ दिनों तक मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से मना करने के मददेजनर राज्य में राज्यपाल शासन लगाना पड़ा है।
हालांकि, महबूबा की पार्टी पीडीपी ने राज्यपाल को पहले ही सूचित कर दिया है कि पीडीपी विधायक दल के 28 विधायकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए उनका समर्थन किया है। लंबी बीमारी के बाद गुरुवार को 79 साल के सईद का निधन हो गया था। उनके निधन से संवैधानिक खालीपन पैदा हो गया। पीडीपी की गठबंधन सहयोगी भाजपा ने भी संकेत दिए हैं कि कल चार दिनों के शोक की अवधि समाप्त होने के बाद वह नई सरकार के गठन पर फैसला करेगी।इस बीच, पीडीपी और भाजपा ने इन अटकलों को खारिज कर दिया कि नई सरकार के गठन के मुद्दे पर दोनों पार्टियों के बीच कोई मतभेद हैं या दोनों में से कोई नई शर्तें रख रहा है।