पटना - लालू प्रसाद राजद के लगातार नौंवी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। वे पार्टी संविधान के नियम के तहत अगले तीन वर्ष के लिए अध्यक्ष रहेंगे। शनिवार को नामांकन वापसी का समय समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार लालू प्रसाद ही शेष रह गए थे।
राजद के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी जगदानंद सिंह ने नामांकन वापसी का समय समाप्त होने के बाद पार्टी संविधान के तहत दी गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए अधिसूचना जारी कर श्री प्रसाद को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। इससे पूर्व 24 राज्यों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय कमेटी के सदस्य, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर चुनाव कराया गया।